
शिमकेंट| भारत की सिफ्त कौर समरा ने एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोज़िशन (3P) स्पर्धा में व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
व्यक्तिगत फाइनल में सिफ्त ने 459.2 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। चीन की युजी यांग (458.8) ने रजत जबकि जापान की मिसाकी नोबाता (448.2) ने कांस्य पदक जीता। भारत की एक अन्य शूटर आशी चौकसी 402.8 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहीं।
क्वालिफिकेशन राउंड में सिफ्त दूसरे और आशी पांचवें स्थान पर थीं। हालांकि, फाइनल में दोनों क्रमशः पहले और चौथे स्थान से उतरीं, क्योंकि क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रही भारत की श्रियंका साडांडी ‘रैंकिंग पॉइंट्स ओनली’ (RPO) श्रेणी में खेल रही थीं।
टीम स्पर्धा में सिफ्त, आशी और अंजुम मौदगिल ने मिलकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। सिफ्त ने 589, आशी ने 586 और अंजुम ने 578 अंक जुटाए। इस तरह कुल 1753 अंकों के साथ भारतीय टीम जापान (1750) और दक्षिण कोरिया (1745) को पछाड़ते हुए पहले स्थान पर रही।
सोमवार को नीरू धांडा ने भी भारत को दो स्वर्ण पदक दिलाए थे। उन्होंने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में व्यक्तिगत खिताब जीता और आशिमा अहलावत व प्रीति राजक के साथ टीम इवेंट का भी स्वर्ण जीता।
वहीं पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में भावनाेश मेंदिरत्ता को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उन्होंने फाइनल में 45 अंक बनाए, जो चीन के क्यू यींग (47) से दो कम रहे। चीन के ही चेन पेंगयू ने कांस्य पदक जीता।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। हालांकि, उन्होंने ईशा सिंह और सिमरनप्रीत कौर बरार के साथ मिलकर टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।
अब तक भारत ने 2025 एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग में कुल 19 पदक (9 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य) जीते हैं। समग्र पदक तालिका में भारत 31 स्वर्ण, 11 रजत और 14 कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर है।
इस प्रतियोगिता में भारत की सीनियर शूटिंग टीम में 35 सदस्य शामिल हैं, जो 15 इवेंट्स में पदक के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। साथ ही, जूनियर वर्ग में भी 129 भारतीय निशानेबाज शिमकेंट में हिस्सा ले रहे हैं।
With inputs from IANS