एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, जीते 50 स्वर्ण पदकBy Admin Sat, 30 August 2025 02:49 PM

नई दिल्ली। कजाकिस्तान के शिमकेंट में आयोजित 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (सभी इवेंट्स) में भारत ने इतिहास रच दिया। 12 दिनों तक चले मुकाबलों के बाद भारतीय टीम ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 50 स्वर्ण पदक जीते और पहली बार पदक तालिका में शीर्ष पर रही।

सीनियर टीम का प्रदर्शन खास तौर पर शानदार रहा। रायफल, पिस्टल और शॉटगन की 15 ओलंपिक स्पर्धाओं में भारतीय निशानेबाजों ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए। इस श्रेणी में भारत चीन (8 स्वर्ण) के बाद दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मेजबान कजाकिस्तान ने भी कुछ स्वर्ण अपने नाम किए।

एनआरएआई (राष्ट्रीय रायफल संघ) के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने कहा,
“यह बेहद शानदार प्रदर्शन है। पेरिस ओलंपिक में हमारी उपलब्धियों के बाद अब शूटिंग इकोसिस्टम का आत्मविश्वास और भी ऊंचा हुआ है। खासतौर से जूनियर खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक है, जिससे साफ है कि भारतीय शूटिंग अभी बस शुरुआत कर रही है और आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां सामने आएंगी।”

भारत ने कुल 99 पदक जीते—50 स्वर्ण, 26 रजत और 23 कांस्य। मेजबान कजाकिस्तान 70 पदक और 21 स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि चीन 37 पदक और 15 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

सीनियर वर्ग में प्रमुख आकर्षण रहे—

  • दो बार की ओलंपियन एलावेनिल वलारिवन का महिला एयर राइफल में एशियाई रिकॉर्ड स्कोर के साथ दूसरा एशियाई खिताब (उन्होंने अर्जुन बाबुता के साथ मिक्स्ड टीम इवेंट में भी स्वर्ण जीता),

  • नीरू धांडा का महिला ट्रैप में भारत के लिए पहला एशियन गोल्ड,

  • सिफ्त कौर समरा का महिला 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन (3P) में पहला एशियन खिताब,

  • ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का पुरुष 3P खिताब बरकरार रखना।

जूनियर भारतीय निशानेबाजों ने भी पूरी तरह दबदबा बनाया और सभी ओलंपिक स्पर्धाओं में 10 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य अपने नाम किए।

इसके अलावा युवा वर्ग, टीम इवेंट्स और गैर-ओलंपिक स्पर्धाओं में भी भारत ने स्वर्ण जीते। पूर्व विश्व चैंपियन अंकुर मित्तल ने पुरुषों की डबल ट्रैप स्पर्धा में 107 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण जीता, जबकि रियो ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने पुरुष 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट में सोना जीता।

 

With inputs from IANS