बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप: सात्विक-चिराग को मिला कांस्य पदकBy Admin Sun, 31 August 2025 04:45 AM

पेरिस- भारत की पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का बेडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया। सेमीफाइनल में चीनी जोड़ी चेन बो यांग और लियू यी से हारकर उन्होंने टूर्नामेंट को कांस्य पदक के साथ समाप्त किया।

नौवीं वरीयता प्राप्त सात्विक-चिराग को सेमीफाइनल मुकाबले में चीन की जोड़ी के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद 19-21, 21-18, 12-21 से हार झेलनी पड़ी। यह मुकाबला एक घंटे सात मिनट तक चला।

इस हार के साथ भारत का अभियान भी खत्म हो गया। हालांकि, सेमीफाइनल तक पहुंचने के कारण उन्हें कांस्य पदक पक्का मिला और भारत का 2011 से अब तक हर बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में कम से कम एक पदक जीतने का सिलसिला बरकरार रहा।

यह भारतीय जोड़ी की चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ दूसरी भिड़ंत थी। पिछली बार सात्विक-चिराग ने 2023 थाईलैंड ओपन के फाइनल में उन्हें हराया था। इस साल यह उनका पांचवां सेमीफाइनल में रुकना रहा। इससे पहले वे इंडिया ओपन, सिंगापुर ओपन, मलेशिया ओपन और चाइना ओपन में भी अंतिम-4 से आगे नहीं बढ़ पाए।

मुकाबले की शुरुआत भारतीय जोड़ी ने शानदार तरीके से की और 4-0 की बढ़त के साथ 11-5 पर ब्रेक तक आगे रहे। लेकिन ब्रेक के बाद चीनी जोड़ी ने वापसी की और 14-13 से बढ़त लेकर तीसरे गेम पॉइंट पर पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में सात्विक-चिराग ने फिर बढ़त बनाई और 5-1 से आगे निकलते हुए 11-9 पर ब्रेक तक पहुंच गए। उन्होंने यह गेम 21-18 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

लेकिन तीसरे गेम में चेन बो यांग और लियू यी ने जोरदार खेल दिखाते हुए 9-0 की अजेय बढ़त बना ली और भारतीय जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

यह सात्विक-चिराग का वर्ल्ड चैंपियनशिप में दूसरा कांस्य पदक है। इससे पहले उन्होंने 2022 टोक्यो संस्करण में भी कांस्य पदक जीता था।

 

With inputs from IANS