आईपीएल 2025 अनिश्चितकाल के लिए निलंबित, बीसीसीआई ने 'राष्ट्रीय हित' को बताया कारण: सूत्रBy Admin Fri, 09 May 2025 07:52 AM









नई दिल्ली (IANS): भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को एक आपात बैठक के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 सीजन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है। यह जानकारी आईएएनएस को सूत्रों ने दी।

गुरुवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हो रहे मैच को 10.1 ओवर के बाद उस समय रद्द करना पड़ा, जब पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई और ड्रोन हमलों के कारण जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में ब्लैकआउट हो गया। ये तीनों क्षेत्र धर्मशाला के नज़दीक हैं, जिससे टूर्नामेंट का भविष्य अनिश्चित हो गया था। इसके बाद बीसीसीआई ने आपात बैठक बुलाई।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "आईपीएल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। बीसीसीआई जल्द ही इस पर विस्तृत जानकारी जारी करेगा। सभी संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है।"

आईपीएल से जुड़े एक अन्य सूत्र ने कहा,
"इस समय बीसीसीआई देश के साथ खड़ा रहना चाहता है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है। यह निलंबन अनिश्चितकाल के लिए है। भविष्य में यदि स्थिति सामान्य होती है और समय मिलता है, तभी इसे दोबारा शुरू किया जा सकता है। फिलहाल इसके फिर से शुरू होने को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता।"

धर्मशाला मैच के रद्द होने के बाद लीग में शामिल कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इसके चलते पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ, मैच अधिकारियों, कमेंटेटरों, प्रसारण दल और आईपीएल से जुड़े अन्य अहम कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है।

गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 उच्च-मूल्य वाले आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। इसके जवाब में 7-8 मई को पाकिस्तान ने भारत के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की।

भारत ने गुरुवार सुबह पाकिस्तान के एयर डिफेंस रडार और सिस्टम्स को निशाना बनाया, जिसमें लाहौर स्थित रडार प्रणाली को निष्क्रिय कर दिया गया।

बाद में पाकिस्तान ने जम्मू और पश्चिमी सीमा के पास स्थित कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिन्हें भारत की एयर डिफेंस प्रणाली ने सफलतापूर्वक विफल कर दिया।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement