क्वीन सिरिकिट कप के पहले दिन ज़ारा आनंद शीर्ष भारतीय रहींBy Admin Tue, 13 May 2025 12:40 PM









मियाज़ाकी (जापान) (IANS): जापान में चल रहे क्वीन सिरिकिट कप गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दिन ज़ारा आनंद संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर रहकर भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रहीं। भारत की सबसे होनहार एमेच्योर खिलाड़ियों में शुमार ज़ारा ने पहले राउंड में 1-ओवर 73 का स्कोर किया, जिसमें उन्होंने तीन बर्डी और चार बोगी खेलीं। इनमें से दो बोगी 14वें और 18वें होल पर आईं।

भारत की ओर से प्रतियोगिता में शामिल अन्य दो खिलाड़ी हीना कांग और मन्नत ब्रार रहीं। हीना ने 76 का स्कोर किया और वह संयुक्त रूप से 21वें स्थान पर रहीं। मन्नत ने 77 का स्कोर किया और वह संयुक्त 25वें स्थान पर रहीं। हीना की पारी में दो बर्डी, चार बोगी और एक डबल बोगी शामिल रही, जबकि मन्नत ने दो बर्डी, पांच बोगी और एक डबल बोगी की।

टीम स्कोर की बात करें तो भारत 5-ओवर 149 के कुल स्कोर के साथ वियतनाम के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर है। टीम स्कोर के लिए दो सर्वोत्तम व्यक्तिगत स्कोर गिने जाते हैं।

मेज़बान जापान ने टूर्नामेंट के पहले दिन शानदार शुरुआत की। ऐरा नागासावा और अन्ना इवानागा ने 3-अंडर पार 69 का स्कोर किया और टीम को बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट एशिया-पैसिफिक एमेच्योर लेडीज़ गोल्फ टीम चैंपियनशिप का 45वां संस्करण है।

13 देशों की इस प्रतियोगिता में जापान ने कुल 6-अंडर 138 का स्कोर किया और गत विजेता कोरिया पर एक शॉट की बढ़त के साथ दूसरे राउंड में प्रवेश किया।

थाईलैंड तीसरे स्थान पर है, जो लीड से चार शॉट पीछे 143 पर है। इसके बाद चीन (146), हांगकांग और सिंगापुर (दोनों 147), भारत और वियतनाम (दोनों 149), ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया (दोनों 150), चीनी ताइपे और मलेशिया (दोनों 151), और फिलीपींस (158) हैं।

व्यक्तिगत स्कोर में जापान की नागासावा और इवानागा के साथ कोरिया की ओह सू-मिन भी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। ओह सू-मिन वर्ल्ड एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग (WAGR) में 10वें स्थान पर हैं और पिछले साल न्यूजीलैंड में जीते गए व्यक्तिगत खिताब को बरकरार रखने की कोशिश में हैं।

कई प्री-टूर्नामेंट दावेदार खिलाड़ी पहले राउंड में लय हासिल नहीं कर सके। चीन की झोउ शीयुआन और जू यिंग, जिनके नाम चीन एलपीजीए टूर पर खिताब हैं, उन्होंने 75 का स्कोर किया। वहीं थाईलैंड की अचिराया श्रीवोंग और जापान की मामिका शिन्ची (दोनों WAGR में टॉप-50 में) ने 76 का स्कोर किया।

ऑस्ट्रेलिया की सारा हैमेट, जो पिछले साल व्यक्तिगत रूप से उपविजेता रहीं थीं, ने इस बार 83 का स्कोर किया, जिसमें 16वें होल पर ट्रिपल-बोगी आठ शामिल थी।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement