डब्ल्यूटीटी फीडर सीरीज़: सार्थक-हार्दिक ने तीसरी वरीयता प्राप्त स्नेहित-सायली को चौंकाया, महिला एकल में अनुषा ने नित्या को हरायाBy Admin Thu, 08 January 2026 05:54 AM

वडोदरा। सार्थक आर्या और हार्दिक पटेल की जोड़ी ने मिश्रित युगल क्वालिफाइंग के दूसरे दौर में प्रवेश करते हुए तीसरी वरीयता प्राप्त स्नेहित सुरावज्जुला और सायली वाणी को 5-11, 11-9, 11-9, 9-11, 12-10 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं महिला एकल क्वालिफाइंग के ग्रुप-2 में अनुषा कुटुंबले ने अनुभवी नित्या मणि को शिकस्त देकर नॉकआउट में जगह बनाने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं। यह मुकाबले बुधवार को यहां सामा इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही डब्ल्यूटीटी फीडर सीरीज़ 2026 के तहत खेले गए।

वडोदरा में आयोजित डब्ल्यूटीटी फीडर सीरीज़ के उद्घाटन संस्करण को खेल प्राधिकरण गुजरात द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसकी मेजबानी बड़ौदा टेबल टेनिस एसोसिएशन कर रही है और इसका क्रियान्वयन यूटीटी द्वारा किया जा रहा है।

महिला एकल के ग्रुप चरण में अनुषा ने निर्णायक गेम में शानदार संयम दिखाया। नित्या ने शुरुआती दो गेम हारने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को कड़ा बना दिया, लेकिन अंततः अनुषा ने 11-5, 11-4, 9-11, 8-11, 13-11 से जीत दर्ज की। नित्या ने अपने दूसरे ग्रुप मैच में समृद्धि बनिक को 12-10, 11-9, 8-11, 11-9 से हराया था। अनुषा को नॉकआउट चरण में पहुंचने के लिए गुरुवार को अपना दूसरा मुकाबला जीतना होगा।

इस बीच, सेलेना सेल्वाकुमार ने ग्रुप-1 में अपने दोनों मैच जीतकर नॉकआउट में जगह पक्की कर ली, जबकि वाइल्ड कार्ड एंट्री तानिष्का कालभैरव ग्रुप-5 में अपने दो मुकाबले जीतकर मजबूत स्थिति में हैं। ग्रुप-5 और ग्रुप-6 में चार-चार खिलाड़ी हैं, जहां केवल शीर्ष स्थान हासिल करने वाला खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में प्रवेश करेगा।

पुरुष एकल के ग्रुप चरण में कुमार हर्षित, श्रीराम शिवम, अभिलाष रावल, बालमुरुगन राजशेखरन और मेहान सेंथिल ने अपने-अपने दोनों मुकाबले जीतकर नॉकआउट में जगह सुनिश्चित कर ली है।

इससे पहले मिश्रित युगल क्वालिफाइंग के पहले दौर में धैर्य परमार और अनुषा कुटुंबले की युवा जोड़ी ने राजीव साहू और प्रणति रमेश को 11-5, 5-11, 12-10, 9-11, 11-8 से हराया था। अब उनका सामना दूसरी वरीयता प्राप्त अभिनंद प्राधिवाधी और नित्या मणि से होगा।

 

With inputs from IANS