
रांची- जुगराज सिंह के शानदार हैट्रिक प्रदर्शन की बदौलत शार्ची बंगाल टाइगर्स ने हॉकी इंडिया लीग 2026 (पुरुष) के मुकाबले में तमिलनाडु ड्रैगन्स को 5-3 से मात दी। यह मुकाबला मंगलवार को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेला गया।
यह जीत बंगाल टाइगर्स के लिए बेहद अहम रही। मैच से पहले अंक तालिका में सातवें स्थान पर मौजूद टाइगर्स इस जीत के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए और लीग में बने रहने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा।
जुगराज सिंह ने इस सीजन की अपनी पहली हैट्रिक लगाई और वह लीग में केन रसेल (एचआईएल जीसी टीम) के बाद हैट्रिक करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। केन रसेल अब तक तीन हैट्रिक लगा चुके हैं। टाइगर्स की ओर से सुखजीत सिंह (33वां मिनट) और अभिषेक (55वां मिनट) ने भी गोल किए। वहीं ड्रैगन्स के लिए अद्रोहित एक्का (36'), थॉमस सॉर्सबी (48') और ब्लेक गोवर्स (51') ने गोल दागे।
डिफेंडिंग चैंपियन शार्ची बंगाल टाइगर्स ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। अभिषेक ने शुरुआती मिनटों में गोल का मौका बनाया, हालांकि सफलता नहीं मिली। 11वें मिनट में ड्रैगन्स की रक्षापंक्ति की चूक पर टाइगर्स को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। पिछले सीजन के टॉप स्कोरर जुगराज सिंह ने अनुभवी गोलकीपर डेविड हार्टे को छकाते हुए सटीक और तेज शॉट से गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरा क्वार्टर गोलरहित रहा। तमिलनाडु ड्रैगन्स ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, जिसमें उत्तम सिंह सबसे आगे रहे, लेकिन टाइगर्स की मजबूत रक्षा के सामने वे नाकाम रहे। हाफटाइम के दौरान टाइगर्स के कोच वेलेंटिन अल्टेनबर्ग अपनी टीम के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने सुधार की जरूरत जताई।
तीसरे क्वार्टर में टाइगर्स ने अपने कोच की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए शानदार खेल दिखाया। 33वें मिनट में टॉमी विलेम्स और अभिषेक के बेहतरीन तालमेल के बाद सुखजीत सिंह ने शानदार फिनिश करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।
हालांकि 36वें मिनट में अद्रोहित एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर ड्रैगन्स को वापसी दिलाई, लेकिन इसके बाद यह क्वार्टर पूरी तरह जुगराज सिंह के नाम रहा। उन्होंने 43वें और 45वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टाइगर्स को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।
अंतिम क्वार्टर में टाइगर्स ने बढ़त गंवाने का खतरा पैदा कर दिया, जब ड्रैगन्स ने 48वें और 51वें मिनट में थॉमस सॉर्सबी और ब्लेक गोवर्स के जरिए दो गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया। मैच के आखिरी मिनटों में वीडियो रेफरल के चलते मुकाबला काफी रोमांचक हो गया।
55वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर ने टाइगर्स की जीत पक्की कर दी। इंजेक्शन के बाद अभिषेक ने शानदार पोजिशनिंग दिखाते हुए टॉम ग्रामबुश के ड्रैगफ्लिक पर डिफ्लेक्शन से गोल किया। यह गोल स्कोर को 5-3 तक ले गया और अंततः बंगाल टाइगर्स ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
With inputs from IANS