गोल्फ: तेज़ हवाओं में भारतीयों की खराब शुरुआत, दुबई डेज़र्ट क्लासिक में इटली के मोलिनारी शीर्ष परBy Admin Fri, 23 January 2026 05:07 AM









दुबई  - तेज़ हवाओं के बीच खेले गए पहले राउंड में इटली के फ्रांसेस्को मोलिनारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65 का स्कोर बनाया और 2026 हीरो दुबई डेज़र्ट क्लासिक में दो शॉट की बढ़त के साथ बढ़त हासिल कर ली। 2018 में कार्नूस्ती में 147वीं ओपन चैंपियनशिप जीतने के बाद से जीत का स्वाद न चख पाने वाले मोलिनारी ने एमिरेट्स गोल्फ क्लब में मुश्किल परिस्थितियों को आसान बनाते हुए आठ बर्डी लगाईं और सिर्फ एक शॉट गंवाया।

अंधेरा होने के कारण स्थानीय समयानुसार शाम 5.50 बजे खेल रोक दिया गया। अब नौ खिलाड़ी शुक्रवार सुबह अपना पहला राउंड पूरा करेंगे।

भारतीय गोल्फर युवराज संधू के लिए दिन की शुरुआत मुश्किल रही। उन्होंने अपने चौथे होल (13वें) पर बर्डी की, लेकिन 17वें होल पर गेंद खो दी और दो पेनल्टी झेलते हुए ट्रिपल बोगी कर बैठे। इसके बाद उन्होंने 18वें, पहले और दूसरे होल पर लगातार बर्डी लगाकर स्कोर को 1-अंडर तक संभाला, लेकिन चौथे से नौवें होल के बीच खराब दौर से गुजरते हुए चार बोगी कर बैठे और दिन का खेल 3-ओवर पर समाप्त किया।

स्पॉन्सर कोटे से खेल रहे शुबंकर शर्मा भी खास लय में नहीं दिखे। खेल रोके जाने तक वह 16 होल के बाद 2-ओवर पर थे, जहां उन्होंने एक बर्डी के मुकाबले तीन बोगी कीं।

मोलिनारी ने 2025 के साधारण डीपी वर्ल्ड टूर सत्र के बाद फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। दिसंबर में नेडबैंक गोल्फ चैलेंज में शीर्ष-10 में जगह बनाने और पिछले सप्ताह दुबई इनविटेशनल में कट पार करने के बाद उन्होंने यहां शानदार शुरुआत की। स्वीडन के मिकाएल लिंडबर्ग कुछ समय के लिए संयुक्त बढ़त पर पहुंचे, लेकिन मोलिनारी ने लगातार तीन बर्डी लगाकर दो शॉट की स्पष्ट बढ़त बना ली और ओवरनाइट लीड अपने नाम कर ली।

राउंड के बाद मोलिनारी ने कहा, “यह पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं था, लेकिन इतने अच्छे स्कोर की उम्मीद नहीं थी। पिछले हफ्ते मैं थोड़ा जंग लगा हुआ महसूस कर रहा था, इसलिए इसे इस सप्ताह की अच्छी तैयारी मान रहा था। पटर ने सबसे बड़ा अंतर पैदा किया। बीच में कुछ मुश्किल होल आए, लेकिन अच्छे पार किए। शुरुआत से बेहद खुश हूं।”

43 वर्षीय मोलिनारी ने दसवें होल पर आसान बर्डी से राउंड की शुरुआत की और 11वें होल पर फ्रिंज से पुट डालकर 2-अंडर कर लिया। 12वें पर एक शॉट गंवाने के बाद उन्होंने 13वें और 14वें होल पर शानदार बर्डी लगाईं। चौथे होल पर 65 फीट की लंबी पुट डालकर वह 4-अंडर पर पहुंचे और लिंडबर्ग व जोएल गिर्बाख के साथ संयुक्त बढ़त में आए। बाद में सातवें, आठवें और नौवें होल पर लगातार बर्डी कर उन्होंने दो शॉट की बढ़त बना ली।

लिंडबर्ग ने दूसरे से बर्डी-ईगल-बर्डी कर मुकाबले में जोरदार वापसी की और 18वें होल पर बर्डी कर क्लब हाउस लीड बनाई, लेकिन अंततः मोलिनारी ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।

दक्षिण अफ्रीका के जेसी रिची ने भी मजबूत खेल दिखाया और 4-अंडर पर राउंड पूरा किया। जापान के यूटो कात्सुरागावा, चीन के वेनयी डिंग, स्पेन के मैनुअल एलवीरा, इटली के एंड्रिया पावन, जर्मनी के निकोलाई वॉन डेलिंग्सहाउज़ेन और अमेरिकी जोड़ी पैट्रिक रीड व योहानेस वीरमैन 3-अंडर पर संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement