
नोएडा- महाराष्ट्र केसरी की पहलवान मनीषा भनवाला को दिल्ली डेंगल वॉरियर्स के खिलाफ प्रो रेसलिंग लीग (PWL) 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में 57 किग्रा महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘फाइटर ऑफ द मैच’ चुना गया। हालांकि उनकी टीम को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 28 वर्षीय मनीषा का मानना है कि इस तरह की लीग भारतीय पहलवानों को एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारी में बेहद मददगार साबित होती है।
नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में दिल्ली डेंगल वॉरियर्स ने महाराष्ट्र केसरी को 5–4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। 62 किग्रा महिला वर्ग में अंजलि की 12–4 की जीत से दिल्ली ने बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद मनीषा भनवाला ने 57 किग्रा वर्ग में 15–0 की तकनीकी श्रेष्ठता के साथ दमदार जीत दर्ज कर स्कोर बराबर कर दिया।
मैच के बाद आईएएनएस से बातचीत में मनीषा ने कहा, “भारत में जब भी प्रतियोगिताएं होती हैं, तो हमें सभी के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है, जिससे अच्छा अनुभव मिलता है। विदेशी खिलाड़ियों से भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है, क्योंकि विदेशों में वही हमारे प्रतिद्वंद्वी होते हैं। उनके साथ अभ्यास करने से हमें समझ आता है कि क्या करना है और कैसे करना है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस लीग में खेलने से हमें अपनी गलतियों का पता चलता है और यह समझ में आता है कि किन पहलुओं पर काम करने की जरूरत है। यह लीग हमारे लिए बहुत फायदेमंद है।”
अनुभवी और शीर्ष विदेशी पहलवानों के साथ रहने और कमरे साझा करने के अनुभव पर मनीषा ने कहा, “ऐसी कई बातें होती हैं, जो हमें नहीं पता होतीं और हम उनसे सीखते हैं। किसके लिए क्या बेहतर काम करता है, यह समझ में आता है। साथ रहना और साथ खाना भी अच्छा लगता है, जिससे सीखने का माहौल बनता है।”
मैच के निर्णायक मोड़ पर पूछे गए सवाल पर मनीषा ने संक्षेप में कहा, “शायद आज किस्मत हमारे साथ नहीं थी।”
With inputs from IANS