
मुंबई — 17 वर्षीय लिली टैगर ने शुक्रवार को महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन (एमएसएलटीए) में खेले गए मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125K सीरीज के क्वार्टर फाइनल में 2024 की चैम्पियन और मौजूदा दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी दार्जा सेमेनिस्टाजा को हराकर शानदार वापसी जीत दर्ज की।
वहीं, माननचाया सावंगकाएव, लानलाना तारारुडी और फांग्रान तियान ने भी सिंगल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। डबल्स मुकाबले में निकोल फोसा ह्यूरगो और माननचाया सावंगकाएव की जोड़ी फाइनल में पहुंचने में सफल रही।
दिन के मुकाबलों की शुरुआत पिछले संस्करण की फाइनलिस्ट माननचाया सावंगकाएव और नौवीं वरीयता प्राप्त तातियाना प्रोजोरोवा के बीच सेंटर कोर्ट पर हुई। सावंगकाएव ने पहले सेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आसानी से जीत हासिल की, जबकि 22 वर्षीय प्रोजोरोवा लय हासिल करने में संघर्ष करती नजर आईं और कई अनफोर्स्ड एरर किए।
दूसरे सेट में प्रोजोरोवा ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन अहम मौकों को भुनाने में असफल रहीं और सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से मुकाबला हार गईं।
इसी बीच कोर्ट-1 पर तीसरी वरीयता प्राप्त लिओलिया जीनजीन और पांचवीं वरीयता प्राप्त लानलाना तारारुडी के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला गया। विश्व रैंकिंग में 129वें स्थान पर काबिज तारारुडी ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए अगले दो सेट आसानी से जीत लिए। करीब 2 घंटे 17 मिनट तक चले इस मुकाबले में थाईलैंड की खिलाड़ी ने 4-6, 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की।
एक अन्य रोमांचक मुकाबले में लिली टैगर का सामना 2024 की चैम्पियन दार्जा सेमेनिस्टाजा से सेंटर कोर्ट पर हुआ। पहला सेट हारने के बाद टैगर ने अपने खेल में बदलाव करते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाई। 17 वर्षीय ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी ने शानदार स्लाइस शॉट्स का इस्तेमाल करते हुए सेमेनिस्टाजा की मूवमेंट को सीमित किया और 4-6, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
कोर्ट-1 पर खेले गए एक और रोमांचक मुकाबले में चीन की फांग्रान तियान ने जापान की मेई यामागुची को कड़े संघर्ष में हराया। रोशनी के बीच 2 घंटे 38 मिनट तक चले इस मुकाबले में तियान ने 6-2, 2-6, 6-2 से जीत हासिल की।
डबल्स के पहले सेमीफाइनल में निकोल फोसा ह्यूरगो और माननचाया सावंगकाएव की जोड़ी ने हिरोको कुवाता और पार्क सो-ह्युन की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 6-4, 6-7 (7-4), (10-5) से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
परिणाम
सिंगल्स:
माननचाया सावंगकाएव (थाईलैंड) ने तातियाना प्रोजोरोवा को 6-1, 6-4 से हराया।
लानलाना तारारुडी (थाईलैंड) ने लिओलिया जीनजीन (फ्रांस) को 4-6, 6-3, 6-2 से हराया।
लिली टैगर (ऑस्ट्रिया) ने दार्जा सेमेनिस्टाजा (लातविया) को 4-6, 6-4, 6-2 से हराया।
फांग्रान तियान (चीन) ने मेई यामागुची (जापान) को 6-2, 2-6, 6-2 से हराया।
डबल्स:
निकोल फोसा ह्यूरगो (अर्जेंटीना)/माननचाया सावंगकाएव (थाईलैंड) ने हिरोको कुवाता (जापान)/पार्क सो-ह्युन (कोरिया) को 6-4, 6-7 (7-4), (10-5) से हराया।
With inputs from IANS