आईसीसी बैठक में पाकिस्तान-बांग्लादेश ने अधिक राजस्व की मांग की, भारत मैच बहिष्कार पर अंतिम फैसला सोमवार को: रिपोर्टBy Admin Mon, 09 February 2026 11:24 AM









मुंबई। पाकिस्तान ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के अपने फैसले में नरमी के संकेत दिए हैं, हालांकि उसने आईसीसी के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कुछ बड़े रियायतों की मांग की है। यह जानकारी रविवार को आई एक रिपोर्ट में दी गई।

रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश ने भी आईसीसी से अधिक राजस्व हिस्सेदारी और एक वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार मांगा है, जो संभवतः 2028 में होने वाला अंडर-19 विश्व कप हो सकता है। वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अतिरिक्त आर्थिक सहायता के साथ आईसीसी से यह भी मांग की है कि वह बीसीसीआई पर दबाव डाले ताकि भारतीय सरकार दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला फिर से शुरू करने की अनुमति दे। यह जानकारी टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट में दी गई है।

आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और एसोसिएट सदस्य प्रतिनिधि मुबाशिर उस्मानी ने रविवार को लाहौर में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और पाकिस्तान सुपर लीग के प्रमुख सलमान नसीर से मुलाकात की।

रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अधिकारियों ने पीसीबी को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया और चेतावनी दी कि यदि पाकिस्तान ‘मेम्बर्स पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट’ का पालन नहीं करता है, जिसके तहत सभी हस्ताक्षरकर्ता देशों को आईसीसी टूर्नामेंट के सभी मैच खेलने होते हैं, तो उस पर प्रतिबंध और आर्थिक दंड लगाया जा सकता है।

बैठक के दौरान पीसीबी अध्यक्ष ने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रखीं, जिनमें पाकिस्तान के वार्षिक फंड में बढ़ोतरी, भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज की बहाली और भारत-पाक मैच में खिलाड़ियों के आपसी अभिवादन को लेकर सहमति शामिल है। सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश ने भी आईसीसी से आर्थिक मुआवजा और एक वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी की मांग की है।

सूत्रों ने बताया कि आईसीसी अधिकारियों ने पीसीबी को आश्वासन दिया है कि इन मांगों को आईसीसी बोर्ड की अगली बैठक में विचार के लिए रखा जाएगा।

इस बीच, टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट के सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर अंतिम फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ लेंगे। नकवी ने आईसीसी प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वह इस मामले को प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगे और संभवतः सोमवार तक अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी नकवी से चर्चा करने लाहौर पहुंचे थे। दोनों बोर्ड संभावित आईसीसी कार्रवाई से निपटने के लिए रणनीति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, अमीनुल विशेष रूप से इस बैठक के लिए कराची के रास्ते लाहौर पहुंचे। एशिया कप के दौरान भारत के खिलाफ रणनीति बनाने और टी20 विश्व कप के मैच भारत से बाहर स्थानांतरित कराने के मुद्दे पर दोनों बोर्डों के बीच पहले भी अच्छा समन्वय रहा है, जिसमें पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया था।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष के रूप में नकवी ने यह सुनिश्चित किया था कि भारत के विरोध के बावजूद बांग्लादेश क्षेत्रीय बैठक आयोजित कर सके।

इस बीच, पाकिस्तानी मीडिया में आई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार के फैसले पर पाकिस्तान के अडिग रहने से आईसीसी पर दबाव बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, आईसीसी की संभावित कार्रवाई को देखते हुए पाकिस्तान और बांग्लादेश इस मुद्दे पर अपनी रणनीति तय करने की तैयारी कर रहे हैं। पाकिस्तान फिलहाल यह विचार कर रहा है कि वह बहिष्कार के फैसले पर कायम रहे या बिना अपना प्रभाव खोए उससे पीछे हटने का रास्ता निकाले। सिंगापुर स्थित आईसीसी अधिकारियों इमरान ख्वाजा और पंकज खिमजी की कूटनीतिक कोशिशों से सभी पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने में मदद मिली है।

सूत्रों का कहना है कि अगले 48 घंटे इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण होंगे और इससे तय होगा कि पाकिस्तान क्या निर्णय लेता है और आईसीसी इस पर क्या रुख अपनाता है।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement