PIF Saudi Ladies International Championship: अवनी प्रशांत रियाद में 22वें स्थान पर, भारतीय खिलाड़ियों में सबसे आगेBy Admin Sat, 14 February 2026 11:33 AM

रियाद – 4-अंडर 68 के शानदार राउंड की बदौलत अवनी प्रशांत संयुक्त 22वें स्थान पर पहुंच गई हैं। रियाद के रियाद गोल्फ क्लब में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में अब केवल एक दिन का खेल बाकी है। कट पार करने वाली तीन भारतीय खिलाड़ियों में अवनी (69-71-68) सबसे आगे हैं। उन्होंने पांच बर्डी और एक बोगी लगाई तथा उनके पास अपनी स्थिति और बेहतर करने का मौका है।

उनकी अन्य भारतीय साथी खिलाड़ियों में अदिति अशोक (72-69-71) संयुक्त 54वें स्थान पर रहीं, जबकि प्रणवी उर्स (73-69-71) संयुक्त 57वें स्थान पर हैं।

अन्य दो भारतीय खिलाड़ी दीक्षा डागर और हिताशी बक्शी कट पार करने में असफल रहीं।

पहले राउंड की लीडर ह्ये-जिन चोई ने 65 का शानदार राउंड खेलकर फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वह 15-अंडर स्कोर के साथ जापान की रियो ताकेदा (69-66-66) के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की कैसेंड्रा अलेक्जेंडर (67-67-68) तीसरे स्थान पर अकेली हैं, जबकि दूसरे राउंड की लीडर मीमी रोड्स 72 के इवन-पार कार्ड के साथ 11-अंडर स्कोर पर संयुक्त 13वें स्थान पर खिसक गई हैं।

इस प्रतियोगिता में भाग ले रहीं पांच भारतीय खिलाड़ियों में से तीन ने हाफवे कट पार किया। सबसे कम उम्र की स्टार अवनी प्रशांत ने पहले राउंड में 3-अंडर 69 के बाद दूसरे राउंड में 1-अंडर 71 खेलकर कुल 4-अंडर स्कोर बनाया था और वह 35वें स्थान पर थीं।

LET की पांच बार की विजेता अदिति अशोक ने 69 का अच्छा स्कोर बनाकर कुल 3-अंडर तक पहुंचते हुए संयुक्त 43वां स्थान हासिल किया। वहीं प्रणवी उर्स ने बोगी-रहित राउंड खेला। बैक नाइन के सभी होल में पार करने के बाद उन्होंने तीन बर्डी लगाईं, जिससे पहले राउंड के 73 के स्कोर की भरपाई हुई। कुल 2-अंडर स्कोर के साथ वह संयुक्त 51वें स्थान पर पहुंचकर वीकेंड राउंड में जगह बनाने में सफल रहीं।

दीक्षा डागर केवल एक शॉट से कट से चूक गईं। उन्होंने 2-ओवर 74 का स्कोर बनाया और दो राउंड में कुल 1-अंडर स्कोर के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। हिताशी बक्शी (74-72) भी कट पार नहीं कर सकीं। दीक्षा ने दो बोगी की और एक भी बर्डी नहीं लगा सकीं।

अवनी ने दसवें टी से शुरुआत की और शुरुआती छह होल में 2-ओवर होने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने 11वें और 15वें होल पर शॉट गंवाए, लेकिन 18वें होल पर बर्डी लगाकर वापसी की और फिर पांचवें तथा सातवें होल पर दो और बर्डी बनाकर अपनी स्थिति मजबूत की।

अदिति अशोक ने पहले टी से शुरुआत करते हुए दूसरे होल पर बोगी की, लेकिन इसके बाद चार बर्डी लगाकर बिना कोई और शॉट गंवाए 69 का स्कोर बनाया।

 

With inputs from IANS