
मुंबई- पीएसए कॉपर श्रेणी का प्रतिष्ठित स्क्वैश टूर्नामेंट इंडियन ओपन स्क्वैश अपने दूसरे संस्करण में 18 से 22 मार्च तक ऐतिहासिक सीसीआई ब्रेबोर्न स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट के टिकट अब बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (PSA) द्वारा मान्यता प्राप्त यह टूर्नामेंट अपने 2025 संस्करण की सफलता को आगे बढ़ा रहा है, जिसे उस वर्ष के शीर्ष 10 प्रतिष्ठित पीएसए आयोजनों में शामिल किया गया था।
2026 के इंडियन ओपन में मौजूदा महिला चैंपियन अनाहत सिंह खिताब बचाने के लिए एक बार फिर आकर्षण का केंद्र होंगी। उनके अलावा भारत के शीर्ष खिलाड़ी रमित टंडन, अभय सिंह, वीर चोत्रानी, वेलावन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में याह्या एलनवासानी, हाना मोआताज़ और माज़ेन हेशम जैसे नाम शामिल हैं।
टूर्नामेंट में पुरुष और महिला वर्ग के लिए कुल 44,500 अमेरिकी डॉलर की समान पुरस्कार राशि रखी गई है, जो किसी भी भारतीय स्क्वैश प्रतियोगिता में पहली बार होगा।
स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव साइरस पोंचा ने कहा कि इंडियन ओपन बहुत कम समय में पीएसए कैलेंडर का एक अहम पड़ाव बन गया है। यह भारतीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ-साथ देश में स्क्वैश की लोकप्रियता बढ़ाने में मदद कर रहा है।
क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले पूरी तरह कांच के बने कोर्ट पर खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को नजदीक से रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
बड़े मंच, समान इनामी राशि और शीर्ष भारतीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी के साथ 2026 का इंडियन ओपन वैश्विक स्क्वैश परिदृश्य में भारत की स्थिति को और मजबूत करने के लिए तैयार है।
With inputs from IANS