
नई दिल्ली: भारतीय घुड़सवार खिलाड़ी आशीष लिमये ने पोलैंड के सोपोट में आयोजित प्रतिष्ठित अश्वारोहण प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इवेंटिंग प्रतियोगिता की CCI 3S और CCI 4L दोनों श्रेणियों में बेहतरीन प्रदर्शन कर वर्ल्ड गेम्स और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन हासिल किया।
आशीष लिमये ने CCI 4L श्रेणी में D’Avril du Pinier के साथ हिस्सा लेते हुए 11 प्रतिभागियों के बीच चौथा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वर्ल्ड गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। वहीं, CCI 3S श्रेणी में Willy Be Dun के साथ 44 प्रतिभागियों के बीच भी चौथे स्थान पर रहते हुए उन्होंने एशियन गेम्स का टिकट पक्का किया।
इस उपलब्धि के साथ आशीष लिमये इस श्रेणी में एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई करने वाले पहले भारतीय घुड़सवार बन गए हैं। इसे भारतीय अश्वारोहण खेलों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
आशीष लिमये की इस सफलता में एम्बेसी इंटरनेशनल राइडिंग स्कूल (EIRS) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए।
अपनी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए आशीष लिमये ने कहा, “भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ल्ड गेम्स और एशियन गेम्स दोनों के लिए क्वालिफाई करना मेरे लिए बेहद गर्व का क्षण है। सोपोट में दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करना एक शानदार अनुभव रहा। इस सफर में एम्बेसी इंटरनेशनल राइडिंग स्कूल, मेरी टीम और सभी समर्थकों का सहयोग अमूल्य रहा।”
वहीं, एम्बेसी इंटरनेशनल राइडिंग स्कूल की निदेशक सिल्वा स्टोराई ने कहा, “आशीष की यह उपलब्धि सिर्फ हमारे संस्थान के लिए नहीं, बल्कि पूरे भारतीय अश्वारोहण खेल के लिए ऐतिहासिक पल है। उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतरता काबिल-ए-तारीफ है। इस श्रेणी में एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई करने वाले पहले भारतीय बनना बेहद खास उपलब्धि है।”
सोपोट में आशीष लिमये के शानदार प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय अश्वारोहण में भारत की बढ़ती मौजूदगी को और मजबूत किया है। उनकी सफलता देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और यह दर्शाती है कि बेहतर प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और संस्थागत सहयोग के जरिए भारतीय खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
With inputs from IANS