हॉकी: भारत की अंडर-18 महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराकर किया शानदार समापनBy Admin Wed, 20 May 2026 07:11 PM

भोपाल- भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने बुधवार को यहां उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल SAI सेंटर में खेले गए सीरीज के चौथे और अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।

मैच की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने पहला क्वार्टर खत्म होने से पहले बढ़त बना ली। ऑरोरा कोवाचेविच (8वें मिनट) ने गोल कर मेहमान टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि भारतीय टीम ने जल्दी वापसी करते हुए कप्तान स्वीटी कुजूर (13वें मिनट) के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा और दिया (25वें मिनट) ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसी स्कोर के साथ दोनों टीमें हाफटाइम तक पहुंचीं।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर में प्रियंका मिंज (44वें मिनट) ने गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद अंतिम क्वार्टर में नौशीन नाज (50वें मिनट) ने एक और गोल दागकर भारत की 4-1 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी।

यह जीत भारतीय टीम के लिए सीरीज का मजबूत समापन साबित हुई और इससे इस महीने के अंत में जापान में शुरू होने वाले अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।

हालांकि चार मैचों की इस एक्सपोजर सीरीज पर ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से कब्जा जमाया।

सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया से 3-4 से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। दूसरे मैच में भी भारतीय टीम को 1-4 से हार मिली थी। उस मुकाबले में दिया (11वें मिनट) ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई थी, लेकिन बाद में ऑस्ट्रेलिया की एनेलीस कलेन (26वें मिनट), गिजेल थॉम्पसन (31वें मिनट), ऑरोरा कोवाचेविच (36वें मिनट) और स्टेला बार्थोलोम्यूज (48वें मिनट) ने गोल कर मैच पलट दिया था।

तीसरे मुकाबले में भी भारतीय टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन उसे हार झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनेलीस कलेन (5वें मिनट) ने शुरुआती गोल किया, जबकि भारत की संदीपा कुमारी (15वें मिनट) ने शानदार बराबरी दिलाई। हालांकि दूसरे क्वार्टर में स्टेला बार्थोलोम्यूज (17वें मिनट) के गोल ने ऑस्ट्रेलिया को फिर बढ़त दिला दी और भारत वापसी नहीं कर सका।

 

With inputs from IANS