नॉर्वे चेस में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार आगाज, प्रज्ञानानंदा और गुकेश ने आर्मगेडन में मारी बाजीBy Admin Tue, 26 May 2026 11:23 AM

ओस्लो। Norway Chess के पहले ही दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं। R Praggnanandhaa और मौजूदा विश्व चैंपियन D Gukesh ने अपने-अपने मुकाबलों में क्लासिकल गेम ड्रॉ रहने के बाद आर्मगेडन टाईब्रेक जीतकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। वहीं महिला वर्ग में भारत की युवा खिलाड़ी Divya Deshmukh ने महिला विश्व चैंपियन को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

प्रज्ञानानंदा का मुकाबला Wesley So से हुआ, जहां क्लासिकल गेम बेहद संतुलित रही और ड्रॉ पर समाप्त हुई। हालांकि आर्मगेडन में भारतीय ग्रैंडमास्टर ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शानदार जीत दर्ज की और अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।

दूसरी ओर गुकेश का मुकाबला जर्मनी के Vincent Keymer से था। क्लासिकल गेम में कीमर ने एंडगेम में दबदबा बनाया और जीत के करीब पहुंच गए थे, लेकिन गुकेश ने बेहतरीन बचाव करते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया। इसके बाद आर्मगेडन में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए जीत हासिल कर ली।

दिन का सबसे बड़ा उलटफेर तब देखने को मिला जब फ्रांस के Alireza Firouzja ने विश्व नंबर-1 Magnus Carlsen को क्लासिकल मुकाबले में हरा दिया। घरेलू सरजमीं पर कार्लसन की यह हार काफी चौंकाने वाली रही। लंबे समय तक बढ़त में दिख रहे कार्लसन ने समय के दबाव में बड़ी गलती कर दी, जिसका फिरूजा ने पूरा फायदा उठाया।

महिला वर्ग में दिव्या देशमुख और मौजूदा महिला विश्व चैंपियन Ju Wenjun के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा। इसके बाद आर्मगेडन में दिव्या ने शानदार खेल दिखाकर जीत अपने नाम कर ली।

एक अन्य मुकाबले में कजाखिस्तान की Bibisara Assaubayeva ने भारत की नंबर-1 महिला खिलाड़ी Koneru Humpy को क्लासिकल गेम में मात दी। वहीं Anna Muzychuk और Zhu Jiner के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन आर्मगेडन में झू जिनेर ने जीत हासिल की।

पहले राउंड के बाद ओपन वर्ग में अलीरेजा फिरूजा शीर्ष पर हैं, जबकि महिला वर्ग में बिबिसारा असाउबायेवा बढ़त बनाए हुए हैं।

 

With inputs from IANS