
हांगकांग में बुधवार को हुई एशियन एथलेटिक्स काउंसिल की बैठक में भारत को बड़ी खेल उपलब्धि हासिल हुई। देश को वर्ष 2027 के एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप और 2028 के एशियन रिले प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी गई है।
2027 की एशियन इंडोर चैंपियनशिप का आयोजन भुवनेश्वर में होगा, जबकि 2028 की एशियन रिले प्रतियोगिता चंडीगढ़ में आयोजित की जाएगी। वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारिवाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि एशियन एथलेटिक्स काउंसिल ने हांगकांग में यह फैसला लिया और भारत को दोनों प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना देश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है।
गौरतलब है कि इसी साल मार्च में वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल ने भारत को 2028 वर्ल्ड इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी भी सौंपी थी। इससे पहले भुवनेश्वर ने पिछले वर्ष वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर ब्रॉन्ज लेवल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया था।
ओडिशा को एक और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन मिलने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह राज्य को वैश्विक खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि ओडिशा की विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना और बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक आयोजित करने की क्षमता ने राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2028 वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप से पहले 2027 की एशियन इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी मिलना राज्य और देश दोनों के लिए गौरव की बात है। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा और भारत की खेल पहचान और मजबूत होगी।
बता दें कि भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 2017 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भी सफल आयोजन हो चुका है। वहीं, पिछले साल यहां आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर में दुनिया भर से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
With inputs from IANS