
हांगकांग। एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत के लिए नितिन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 5000 मीटर रेस वॉक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि साधना रवि ने महिला ट्रिपल जंप में रजत पदक अपने नाम किया।
नितिन गुप्ता ने 19 मिनट 47.49 सेकेंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। ताइपे के शेंग-क्विन लो 19:56.17 के समय के साथ दूसरे और जापान के चिहिरो ओबाटा 20:06.73 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने सोशल मीडिया पर नितिन की उपलब्धि की सराहना करते हुए लिखा कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन के साथ इतिहास रच दिया।
18 वर्षीय नितिन के लिए यह जीत खास मायने रखती है। हाल ही में राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्होंने अनुभवी खिलाड़ी और दो बार के ओलंपियन संदीप कुमार को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि बाद में नियम उल्लंघन के आरोप में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
वहीं महिला ट्रिपल जंप में साधना रवि ने 12.84 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर रजत पदक जीता। चीन की यीचिंग शी ने 13.36 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि कजाकिस्तान की मारिया चशिपाचेवा ने 12.70 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन भारत की निपाम ने महिला 100 मीटर दौड़ में 11.62 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता था।
डेकाथलॉन में भी भारत को पदक की उम्मीद है। राहुल जाखड़ ने पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, शॉट पुट, हाई जंप और 400 मीटर स्पर्धा में बेहतरीन अंक जुटाकर खुद को मजबूत दावेदार के रूप में पेश किया।
गौरतलब है कि 2024 में दुबई में आयोजित पिछली एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने सात स्वर्ण सहित कुल 29 पदक जीतकर तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया था।
With inputs from IANS