एशियाई अंडर-17 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय बेटियों का दमदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण सहित पांच पदक जीतेBy Admin Sat, 30 May 2026 07:18 PM

नई दिल्ली। वियतनाम के दा नांग में आयोजित एशियाई अंडर-17 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

43 किलोग्राम भार वर्ग में दीक्षा ने पूरे मुकाबले के दौरान दबदबा बनाए रखा। उन्होंने फाइनल में किर्गिस्तान की असंगारयेवा को 6-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले उन्होंने किर्गिस्तान और मेजबान वियतनाम की पहलवानों को एकतरफा मुकाबलों में पराजित किया था।

73 किलोग्राम भार वर्ग में गरिमा ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया की नामूनत्सेत्सेग बातबोल्ड को 18-6 से हराकर भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।

49 किलोग्राम वर्ग में निकिता और 65 किलोग्राम वर्ग में अंतरा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। निकिता फाइनल में चीन की युआन यूटिंग से 2-10 से हार गईं, जबकि अंतरा को स्वर्ण पदक मुकाबले में चीन की सियू वेई के खिलाफ 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी। अंतरा ने इससे पहले सेमीफाइनल में जापान की पहलवान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

57 किलोग्राम भार वर्ग में साक्षी ने कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में करीबी हार के बाद उन्होंने कांस्य पदक मुकाबले में कजाखस्तान की अरीना कुआनिशोवा को 10-0 से पराजित कर शानदार वापसी की।

भारतीय महिला पहलवानों का यह प्रदर्शन देश में उभर रही नई प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी को दर्शाता है। इससे पहले अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भी भारत ने शानदार सफलता हासिल की थी।

अंडर-23 प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल टीम ने टीम चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया था। भारत ने किर्गिस्तान और कजाखस्तान जैसी मजबूत टीमों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।

पूरे टूर्नामेंट में भारतीय दल ने कुल 27 पदक जीते, जिनमें 11 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे। महिला वर्ग में भारत ने 10 पदक हासिल किए, जिनमें छह स्वर्ण पदक शामिल थे। मुस्कान, तपस्या, भाग्यश्री, पुलकित, मानसी और काजल ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
 

 

With inputs from IANS