पीएसजी की ऐतिहासिक जीत के जश्न में पेरिस में बवाल, 400 से अधिक लोग गिरफ्तारBy Admin Sun, 31 May 2026 02:15 PM

पेरिस। यूईएफए चैंपियंस लीग में पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) की जीत के बाद फ्रांस की राजधानी पेरिस में जश्न के दौरान कई जगहों पर अव्यवस्था फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हंगरी के बुडापेस्ट में खेले गए फाइनल में पीएसजी ने आर्सेनल को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम किया। टीम की जीत के बाद पेरिस की सड़कों पर हजारों समर्थक जश्न मनाने के लिए उमड़ पड़े।

फ्रांसीसी अखबार *ले मोंदे* के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे प्रतिष्ठित शॉम्प्स-एलीजे (Champs-Elysees) मार्ग पर 20,000 से अधिक लोग मौजूद थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाना पड़ा।

जश्न के दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि सड़क किनारे स्थित एक कियोस्क में आग लगा दी गई। इसके अलावा कम से कम छह वाहनों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, दमकलकर्मियों ने आग पर जल्द ही काबू पा लिया।

पेरिस के 15वें एरोंडिस्मां (जिला) के मेयर कार्यालय ने बताया कि रविवार को एफिल टॉवर के निकट शां द मार्स (Champ de Mars) मैदान में आयोजित होने वाली पीएसजी की विजय परेड में लगभग एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे पेरिस में 22,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष पीएसजी की चैंपियंस लीग जीत के बाद हुए जश्न में दो लोगों की मौत हो गई थी और करीब 200 लोग घायल हुए थे।

पीएसजी की इस सफलता ने क्लब के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। क्लब ने अपना 60वां बड़ा खिताब जीता है और वह चैंपियंस लीग दो बार जीतने वाला पहला फ्रांसीसी क्लब बन गया है। साथ ही, लगातार दो बार यह प्रतिष्ठित यूरोपीय खिताब जीतने वाली चुनिंदा टीमों में भी शामिल हो गया है।

कोच लुइस एनरिके के नेतृत्व में पीएसजी ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने पूरे चैंपियंस लीग अभियान में 45 गोल दागे, जो प्रतियोगिता के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ आक्रमणकारी प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है।
 

 

With inputs from IANS