एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप: गुलवीर ने 5000 मीटर में जीता गोल्ड, पूजा को महिला हाई जंप में स्वर्ण, पारुल ने स्टिपलचेज़ में तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्डBy Admin Fri, 30 May 2025 01:29 PM

गुमी (दक्षिण कोरिया): भारत के धावक गुलवीर सिंह ने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उनका इस प्रतियोगिता में दूसरा गोल्ड है। उन्होंने इस दौड़ को 13:24.78 समय में पूरा कर नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया और मोहम्मद अल-गार्नी द्वारा 2015 में बनाए गए 13:34.47 के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय गुलवीर सिंह ने प्रतियोगिता के पहले दिन 10,000 मीटर दौड़ में भी गोल्ड जीता था। पिछली बार, उन्होंने बैंकॉक में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में इसी इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

इस साल मार्च में, एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता गुलवीर ने The Ten 2025 एथलेटिक्स मीट में 27:00.22 समय के साथ अपना ही 10,000 मीटर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। उन्होंने इस साल बोस्टन में आयोजित एक प्रतियोगिता में पुरुषों की 3000 मीटर इनडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड और एशियन 5000 मीटर शॉर्ट ट्रैक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

महिलाओं की हाई जंप में, पूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1.89 मीटर की छलांग लगाकर सीज़न का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीता। साथ ही उन्होंने अपना ही अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। 18 वर्षीय पूजा एशियन चैंपियनशिप में हाई जंप में पदक जीतने वाली भारत की दूसरी महिला बनीं — उनसे पहले बॉबी एलॉयसियस ने 2000 में गोल्ड और 2002 में सिल्वर जीता था।

इसके बाद, नंदिनी अगसरा ने महिलाओं की हेप्टाथलन स्पर्धा में 5941 अंकों के साथ तीसरा स्वर्ण पदक भारत को दिलाया।

इससे पहले दिन में, पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में 9:12.46 समय लेकर रजत पदक जीता और साथ ही अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले उन्होंने 2025 दोहा डायमंड लीग में 9:13.39 समय के साथ रिकॉर्ड बनाया था।

इसी बीच, अनिमेष कुजुर ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में 20.81 सेकंड में दौड़ पूरी कर फाइनल में जगह बनाई।

भारत इस समय पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है। भारत ने अब तक 18 पदक जीते हैं — जिनमें 8 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य शामिल हैं। भारत से आगे चीन है, जिसने 24 पदक जीते हैं (15 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य)।

 

With inputs from IANS