
रबात (मोरक्को): इंटरनेशनल सीरीज मोरक्को के दूसरे दौर के बाद अजीतेश संधू भारतीय खिलाड़ियों में सबसे आगे हैं। संधू ने बिना किसी बोगी के 3-अंडर 70 का शानदार कार्ड खेला। पहले दौर में 1-अंडर 72 का स्कोर बनाने वाले संधू कुल 4-अंडर के साथ संयुक्त 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
चार बार के आईजीपीएल विजेता गगनजीत भुल्लर ने दूसरे दौर में 74 का स्कोर बनाया और संयुक्त 47वें स्थान पर खिसक गए। हालांकि उन्होंने फ्रंट नाइन में लगातार चार बर्डी लगाकर शानदार वापसी की कोशिश की। एक अन्य आईजीपीएल विजेता करनदीप कोच्चर (72-72) भी संयुक्त 47वें स्थान पर रहते हुए कट पार करने वाले दूसरे भारतीय बने।
टूर्नामेंट की शुरुआत करने वाले 10 भारतीय खिलाड़ियों में से सात कट से बाहर हो गए। इनमें शौर्य भट्टाचार्य, एसएसपी चौरसिया और अनिर्बान लाहिड़ी केवल एक शॉट से कट चूक गए। राशिद खान, आर्यन रूपा आनंद और उदयन माने भी शुरुआती चरण में बाहर हो गए।
वहीं, दो बार के मास्टर्स चैंपियन बुब्बा वॉटसन और थाईलैंड के पावित तांगकामोलप्रासर्ट संयुक्त रूप से लीडरबोर्ड में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। 47 वर्षीय वॉटसन ने रॉयल गोल्फ दार एस सलाम के रेड कोर्स पर शानदार खेल दिखाते हुए दिन का सर्वश्रेष्ठ 7-अंडर 66 का कार्ड खेला। दूसरी ओर, पावित ने 3-अंडर 70 का स्कोर बनाया। दोनों खिलाड़ियों का कुल स्कोर 11-अंडर 135 है।
वॉटसन ने 18 में से 15 फेयरवे हिट किए और एक बोगी के मुकाबले आठ बर्डी लगाईं। उनका पुटिंग प्रदर्शन भी बेहतरीन रहा और उन्होंने केवल 26 पुट्स लिए।
अजीतेश संधू ने पांचवें, 11वें और 12वें होल पर बर्डी लगाई तथा पूरे राउंड में कोई शॉट नहीं गंवाया।
भुल्लर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 10वें होल से खेल शुरू करने वाले भुल्लर ने शुरुआती दौर में तीन बोगी और एक बर्डी लगाई। इसके बाद पार-3 दूसरे होल पर डबल बोगी के कारण वह 3-ओवर पर पहुंच गए। हालांकि उन्होंने पांचवें से आठवें होल तक लगातार चार बर्डी लगाकर शानदार वापसी की, लेकिन अंतिम होल पर एक और बोगी के साथ उनका स्कोर 74 रहा।
दक्षिण कोरिया के यंगहान सॉन्ग (69) 10-अंडर के साथ लीडर जोड़ी से एक शॉट पीछे तीसरे स्थान पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस स्माइथ (70), जो इंटरनेशनल सीरीज जापान के चैंपियन और मौजूदा एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट लीडर हैं, 9-अंडर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके साथ गत विजेता जिम्बाब्वे के स्कॉट विन्सेंट (67) और हांगकांग के ताइची खो (69) भी मौजूद हैं।
थाईलैंड के जैज़ जेनेवट्टानानॉन्ड (67) और सुतीपत प्रतीप्तिएनचाई (69) 8-अंडर के साथ संयुक्त रूप से अगले स्थान पर हैं।
मोरक्को के मेहदी एल फाकोरी 74 और 70 के स्कोर के साथ कट पार करने वाले एकमात्र स्थानीय खिलाड़ी रहे।
With inputs from IANS