झारखंड टी20 लीग: रांची टाइटंस ने कोयलांचल सुपर किंग्स को पछाड़ा, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचीBy Admin Wed, 17 June 2026 01:22 PM







रांची: जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के सातवें दिन संथाल स्ट्राइकर्स और रांची टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दमदार जीत दर्ज की। जहां संथाल स्ट्राइकर्स ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल करते हुए शीर्ष पर काबिज कोयलांचल सुपर किंग्स को सात विकेट से हराया, वहीं रांची टाइटंस ने धनबाद डायमंड्स को मात देकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया।

दिन के पहले मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन ही बना सकी। शरनदीप सिंह भाटिया ने 47 गेंदों में 58 रनों की शानदार पारी खेली, जो इस सीजन में उनका चौथा अर्धशतक रहा। विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज ने भी 28 गेंदों में 40 रन का उपयोगी योगदान दिया।

ADVERTISEMENT
Advertisement

संथाल स्ट्राइकर्स की ओर से प्रत्युष कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में केवल 17 रन देकर तीन विकेट झटके। मनीषी ने भी 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज विभोर पांडे बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद विवेक कुमार और कुमार सूरज ने दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। सूरज ने 34 रन बनाए, जबकि विवेक कुमार ने केवल 36 गेंदों में 64 रनों की आक्रामक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

विवेक के आउट होने के बाद सुमित कुमार ने नाबाद 27 रन की संयमित पारी खेली और टीम को 18.2 ओवर में 3 विकेट पर 154 रन तक पहुंचाकर सात विकेट से जीत दिला दी। शानदार गेंदबाजी के लिए प्रत्युष कुमार को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

शाम के मुकाबले में धनबाद डायमंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अंतिम गेंद पर ऑलआउट होने से पहले 191 रन बनाए। राम रौशन शरण ने महज 24 गेंदों में 58 रनों की विस्फोटक पारी खेली। आदित्य सिंह (26) और बिशेष दत्ता (24) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

रांची टाइटंस की ओर से प्रिंस अनुराग मुर्मू ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। कप्तान राजनदीप सिंह (2/46) और युवराज कुमार (2/47) ने भी दो-दो विकेट लिए।

192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची टाइटंस ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज आर्यन हुड्डा ने 55 गेंदों में नाबाद 94 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने। उन्हें शिखर मोहन का शानदार साथ मिला, जिन्होंने 37 गेंदों में 62 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी कर जीत की मजबूत नींव रखी।

बुधवार को लीग में मुकाबले और रोमांचक होने की उम्मीद है। दिन के पहले मैच में जमशेदपुर स्टीलर्स का सामना जीत की लय हासिल कर चुकी संथाल स्ट्राइकर्स से होगा। वहीं शाम के मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स की भिड़ंत मौजूदा अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही कोयलांचल सुपर किंग्स से होगी।
 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement