झारखंड टी20 लीग: जमशेदपुर स्टीलर्स और कोयलांचल सुपर किंग्स की रोमांचक जीत, गेंदबाजों ने दिलाए अहम अंकBy Admin Thu, 18 June 2026 09:31 AM







रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में गुरुवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। कठिन परिस्थितियों में बल्लेबाजों के संघर्षपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद जमशेदपुर स्टीलर्स और कोयलांचल सुपर किंग्स ने अपने-अपने लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

दिन के पहले मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने संथाल स्ट्राइकर्स को 15 रन से हराया, जबकि दूसरे मैच में कोयलांचल सुपर किंग्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को 13 रन से मात दी।

जमशेदपुर स्टीलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती दो विकेट जल्द गंवा दिए, लेकिन इसके बाद कुमार देवब्रत (74) और साहिल राज (56) ने तीसरे विकेट के लिए 117 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में एमडी कौनैन कुरैशी ने 9 गेंदों में नाबाद 16 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन तक पहुंचा दिया।

ADVERTISEMENT
Advertisement

संथाल स्ट्राइकर्स की ओर से प्रत्युष कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि शादाब हुसैन ने 3 विकेट अपने नाम किए।

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर विकेट गंवा दिया और आठ ओवर में 39 रन पर छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद अनमोल राज ने अकेले मोर्चा संभालते हुए मात्र 50 गेंदों में नाबाद 92 रन की विस्फोटक पारी खेली। मनीषी (27*) के साथ उन्होंने आठवें विकेट के लिए 81 रन की अटूट साझेदारी कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन टीम 7 विकेट पर 165 रन ही बना सकी। जमशेदपुर की जीत में प्रतीक रंजन ने 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

दूसरे मुकाबले में कोयलांचल सुपर किंग्स की शुरुआत भी बेहद खराब रही। टीम ने 3 ओवर में 14 रन पर चार और 10 ओवर में 59 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में योगेश भास्कर (56) और अमित कुमार (24) ने सातवें विकेट के लिए 56 रन जोड़कर टीम को संभाला। उनकी बदौलत कोयलांचल सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रन बनाए।

157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स भी शुरुआत से दबाव में रही और 9.2 ओवर में 54 रन पर पांच विकेट खो बैठी। विकेटकीपर बल्लेबाज श्रेष्ठ सागर ने नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेलते हुए चंदन कुमार मुखी (28) के साथ छठे विकेट के लिए 47 रन जोड़े, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 19.3 ओवर में 143 रन पर सिमट गई।

कोयलांचल सुपर किंग्स की ओर से राहुल प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट झटके और टीम को 13 रन की यादगार जीत दिलाई।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement