




रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में रांची टाइटंस सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। टीम ने जमशेदपुर स्टीलर्स को छह विकेट से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, मौजूदा अंक तालिका के आधार पर कोयलांचल सुपर किंग्स ने भी सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।
दिन के पहले मुकाबले में धनबाद डायमंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संथाल स्ट्राइकर्स को हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में उम्मीदें कायम रखीं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए संथाल स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। तीसरे विकेट के लिए अरविंद कुमार (62 रन, 41 गेंद) और कुमार सूरज (41 रन) के बीच 101 रन की अहम साझेदारी हुई। अंत में सुमित कुमार ने 16 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। धनबाद की ओर से विवेकानंद तिवारी ने 2/33 के आंकड़े के साथ सबसे प्रभावी गेंदबाजी की, जबकि सुशांत मिश्रा और मीत जैन को एक-एक विकेट मिला।

184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए धनबाद डायमंड्स ने तेज शुरुआत की। विकाश कुमार विशाल और आर्यमन सेन (32 रन) ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। इसके बाद प्लेयर ऑफ द मैच आदित्य सिंह ने 32 गेंदों में 59 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। अंत में विकाश कुमार विशाल 56 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाकर टीम को 18.4 ओवर में 185/3 के स्कोर तक पहुंचाते हुए जीत दिलाई। संथाल स्ट्राइकर्स के लिए मनीषी ने दो विकेट झटके।
शाम के मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बनाए। साहिल राज ने 32 गेंदों में नाबाद 61 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि एमडी कौनेन कुरैशी ने 40 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाकर उनका शानदार साथ निभाया। रांची टाइटंस के लिए युवराज कुमार ने 2 विकेट हासिल किए।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची टाइटंस ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18 ओवर में ही 4 विकेट पर 180 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। प्लेयर ऑफ द मैच शिखर मोहन ने 49 गेंदों में नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें सत्य सेतु का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 57 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत रांची टाइटंस ने 12 गेंद शेष रहते छह विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जमशेदपुर की ओर से हर्ष राणा ने दो विकेट लिए।
WIth inputs from IANS


