




रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों के बाद अंक तालिका में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। कोयलांचल सुपर किंग्स ने धनबाद डायमंड्स को हराकर शीर्ष स्थान पर वापसी की, जबकि संथाल स्ट्राइकर्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को मात देकर पांचवें स्थान पर कब्जा जमा लिया।
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में बारिश के कारण मैच 17-17 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स ने धनबाद डायमंड्स को 151/7 के स्कोर पर रोक दिया। सुपर किंग्स की ओर से जुनैद अशरफ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 3 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

धनबाद के लिए राम रौशन शरण ने 33 गेंदों पर 45 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि बिशेष दत्ता ने 24 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
वीजेडी (VJD) पद्धति के तहत संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए कोयलांचल सुपर किंग्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 15.4 ओवर में 151/3 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की। लक्ष्य ने 34 गेंदों पर 49 रन बनाए, जबकि रॉबिन मिंज 15 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दिन के दूसरे मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में आखिरी गेंद पर 128 रन बनाकर सिमट गई। एमडी नाजिम सिद्दीकी और हिमांशु कुमार गुप्ता ने 23-23 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
संथाल स्ट्राइकर्स के लिए मनीषी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। शादाब हुसैन (2/20) और अनमोल राज (2/26) ने भी अहम योगदान दिया।


129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। विवेक कुमार ने 17 गेंदों में 38 रन और कुमार सूरज ने 16 गेंदों में 33 रन की तूफानी पारियां खेलीं। टीम ने महज 13.1 ओवर में 129/3 रन बनाकर सात विकेट से आसान जीत दर्ज की। छोटानागपुर की ओर से चंदन कुमार मुखी ने 10 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन उनकी कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी।
अब शनिवार को लीग में एक और रोमांचक डबल हेडर खेला जाएगा। दोपहर 1 बजे धनबाद डायमंड्स का मुकाबला जमशेदपुर स्टीलर्स से होगा। धनबाद की टीम जहां सम्मान बचाने के लिए उतरेगी, वहीं स्टीलर्स सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।
शाम 6:30 बजे होने वाला मुकाबला और भी ज्यादा दिलचस्प होगा, जब रांची टाइटंस और तालिका में शीर्ष पर मौजूद कोयलांचल सुपर किंग्स आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के शानदार फॉर्म को देखते हुए यह मुकाबला अंक तालिका में नंबर-1 स्थान की जंग साबित हो सकता है।
With inputs from IANS
