




रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में जमशेदपुर स्टीलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धनबाद डायमंड्स को वीजेडी (VJD) पद्धति के तहत 31 रन से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ स्टीलर्स नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है।
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से एमडी क़ौनैन कुरैशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
उन्हें नितीन कुमार पांडेय (21 गेंदों पर 34 रन) और कुमार देवब्रत (27 गेंदों पर 31 रन) का भी अच्छा साथ मिला, जिससे टीम मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

धनबाद की ओर से शमशाद अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 48 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि अतुल सिंह सुरवार और सुशांत मिश्रा को एक-एक विकेट मिला।
पारी के बीच बारिश के कारण मुकाबले में वीजेडी नियम लागू किया गया और धनबाद डायमंड्स को 16 ओवर में 185 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। बड़े लक्ष्य के दबाव में टीम की बल्लेबाजी बिखर गई और वह निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी।
धनबाद की ओर से अतुल सिंह सुरवार ने 21 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेलकर संघर्ष किया, जबकि बिशेष दत्ता ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए। हालांकि, दोनों की कोशिश टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी।
जमशेदपुर स्टीलर्स के गेंदबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। अमन कुमार सिंह (2/13), प्रतीक रंजन (2/17) और अनुराग सिंह सेंगर (2/20) ने दो-दो विकेट लेकर धनबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और टीम को 31 रन की यादगार जीत दिलाई।
WIth inputs from IANS


