




ऑकलैंड: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को ऑकलैंड में खेले गए एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 के फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर शानदार खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने अगले सीजन की एफआईएच प्रो लीग में भी अपनी जगह पक्की कर ली।
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही। पूल चरण में भारत ने अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराया, जबकि सेमीफाइनल में चिली और फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से नवनीत कौर ने चौथे मिनट में और सुनेलिता टोप्पो ने 15वें मिनट में गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई, जो अंत तक बरकरार रही।

भारतीय स्ट्राइकर लालरेमसियामी को फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। वहीं ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका ने पूरे टूर्नामेंट में छह गोल दागकर अमेरिका की एशले सेसा के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
मुख्य कोच स्जोर्ड मारिने ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, "हम सभी बेहद खुश हैं कि हमने साथ मिलकर अपना पहला टूर्नामेंट और पहला फाइनल जीता। इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर में मिली निराशा के बाद हमारे लिए फाइनल जीतना सीखना बेहद जरूरी था। टीम ने हर मैच के साथ अपने खेल में सुधार किया और पूरे टूर्नामेंट में हमारी रक्षा पंक्ति बेहद मजबूत रही।"
उन्होंने कहा, "हमने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन फील्ड गोल को और बेहतर तरीके से भुनाने की जरूरत है। हालांकि पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का हमारा प्रदर्शन शानदार रहा। सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम होने के नाते दबाव भी ज्यादा था, लेकिन खिलाड़ियों ने उसे बखूबी संभाला। अब प्रो लीग में दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने से हमारे युवा खिलाड़ियों को सीखने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।"


कप्तान सलीमा टेटे ने भी टीम की मेहनत और संकल्प की तारीफ करते हुए कहा, "इस ट्रॉफी को जीतना बेहद शानदार एहसास है। हमारी पूरी टीम ने इस पल के लिए कड़ी मेहनत की। हम शुरू से ही एक स्पष्ट सोच के साथ मैदान में उतरे थे कि ट्रॉफी जीतकर ही भारत लौटेंगे। प्रो लीग में वापसी करना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण था और मुझे गर्व है कि हमने अपना लक्ष्य हासिल किया।"
उन्होंने आगे कहा, "विश्व कप अब ज्यादा दूर नहीं है और यह जीत हमारे आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगी। इस समय टीम बेहद मजबूत मानसिकता के साथ खेल रही है। टूर्नामेंट का हर मैच हमारे लिए अहम था और यह खिताबी जीत भविष्य की तैयारियों के लिए हमें शानदार गति और आत्मविश्वास देगी।"
With inputs from IANS
