




रांची: झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में सोमवार को बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। एक ओर जमशेदपुर स्टीलर्स ने लीग चरण की शीर्ष टीम कोयलांचल सुपर किंग्स को करारी शिकस्त दी, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में चोटो नागपुर रॉयल्स ने 221 रनों के विशाल लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए रांची टाइटंस को बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब मंगलवार को दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
करण और रवि की ऐतिहासिक साझेदारी, स्टीलर्स ने बनाया 250 रन
पहले सेमीफाइनल में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 5.2 ओवर में 47 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कुमार करण और रवि शर्मा ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 203 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 250/2 तक पहुंचा दिया।
प्लेयर ऑफ द मैच कुमार करण ने 63 गेंदों पर नाबाद 143 रन की विस्फोटक पारी खेली, जो इस लीग का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। वहीं रवि शर्मा ने 46 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाकर उनका शानदार साथ निभाया।
कोयलांचल सुपर किंग्स की ओर से हर्ष राज (1/41) और जुनैद अशरफ (1/65) ही विकेट लेने में सफल रहे।

उत्कर्ष का शतक भी नहीं बचा सका सुपर किंग्स को
251 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
कप्तान उत्कर्ष सिंह ने अकेले संघर्ष करते हुए मात्र 46 गेंदों में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। रॉबिन मिंज के 14 रन टीम का दूसरा सर्वोच्च स्कोर रहा।
पूरी टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई और जमशेदपुर स्टीलर्स ने 79 रन से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
स्टीलर्स की ओर से प्रतीक रंजन (3/36) और एमडी कौनैन कुरैशी (3/31) ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अमन कुमार सिंह ने 2/28 की किफायती गेंदबाजी की।
रांची टाइटंस ने खड़ा किया 220 रन का स्कोर
दूसरे सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची टाइटंस ने 20 ओवर में 220/8 का मजबूत स्कोर बनाया।
श्रेष्ठा ने 36 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली। वहीं आर्यन हुड्डा (29), प्रियांशु चौबे (24), राजनदीप सिंह (24) और कुमार अंकित (23) ने उपयोगी योगदान देकर टीम को 200 के पार पहुंचाया।
चोटो नागपुर रॉयल्स की ओर से विकास सिंह ने तीन विकेट जरूर लिए, लेकिन 54 रन खर्च किए। सुप्रीयो चक्रवर्ती (2/38) और राहुल रजक (2/60) ने भी दो-दो विकेट झटके।


विराट और कुशाग्र की तूफानी बल्लेबाजी से रॉयल्स की शानदार जीत
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चोटो नागपुर रॉयल्स ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की।
सलामी बल्लेबाज एमडी नाजिम सिद्दीकी और कप्तान विराट सिंह ने पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। सिद्दीकी ने सिर्फ 19 गेंदों में 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
प्लेयर ऑफ द मैच विराट सिंह ने 43 गेंदों पर 77 रन बनाकर जीत की नींव मजबूत की। उनके आउट होने के बाद कुमार कुशाग्र ने 26 गेंदों में 58 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि श्रेष्ठ सागर 27 रन बनाकर नाबाद लौटे।
रॉयल्स ने 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 221 रन बना लिए और सात विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली।
रांची टाइटंस की ओर से सौरभ शेखर (2/47) सबसे सफल गेंदबाज रहे, लेकिन उनकी कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी।
अब झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 का फाइनल मंगलवार को जमशेदपुर स्टीलर्स और चोटो नागपुर रॉयल्स के बीच खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें पहली बार चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
