यूएस ओपन बैडमिंटन: ट्रीसा-गायत्री दूसरे दौर में, रौनक चौहान ने मुख्य ड्रॉ में बनाई जगहBy Admin Wed, 24 June 2026 06:05 PM

फुलर्टन (कैलिफोर्निया): भारत की महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने यूएस ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। दोनों ने स्पेन की पाउला लोपेज़ और लूसिया रोड्रिगेज़ की जोड़ी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-12, 14-21, 21-13 से हराया।

कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता भारतीय जोड़ी ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया, लेकिन स्पेनिश खिलाड़ियों ने दूसरे गेम में दमदार वापसी करते हुए मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। हालांकि तीसरे गेम में ट्रीसा और गायत्री ने फिर से लय हासिल की और शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

विश्व रैंकिंग में फिलहाल 58वें स्थान पर मौजूद ट्रीसा और गायत्री के लिए यह टूर्नामेंट खास है, क्योंकि ट्रीसा हाल ही में चोट से उबरकर वापसी कर रही हैं। तीन महीने के पुनर्वास के बाद उन्होंने इसी महीने इंडोनेशिया ओपन से कोर्ट पर वापसी की थी।

अब दूसरे दौर में भारतीय जोड़ी का सामना जापान की सुमिरे नाकादे और मियू ताकाहाशी से होगा। इस मुकाबले की विजेता क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी।

वहीं, पुरुष एकल में भारत के रौनक चौहान ने क्वालिफाइंग दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। उन्होंने पहले फ्रांस के एनोगाट रॉय को 21-19, 21-16 से हराया। इसके बाद चीनी ताइपे के कुओ कुआन-लिन के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 13-21, 21-14, 21-10 से जीत दर्ज की।

रौनक पिछले सप्ताह मकाऊ ओपन में भी क्वालिफायर के तौर पर मुख्य ड्रॉ में पहुंचे थे और क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। उनकी लगातार अच्छी फॉर्म भारतीय बैडमिंटन के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

यूएस ओपन में बुधवार से भारत की चुनौती और मजबूत होगी, जब लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत और अनमोल खरब अपने-अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

हालांकि मौजूदा पुरुष एकल चैंपियन आयुष शेट्टी इस बार अपने खिताब का बचाव करने के लिए टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
 

 

With inputs from IANS