

एम्स्टर्डम। भारत के युवा स्क्वैश खिलाड़ी अमार्या बजाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डच जूनियर ओपन 2026 के अंडर-13 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के डेनियल स्टीवेन्सन को 3-1 से हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
पूरे टूर्नामेंट में अमार्या ने बेहतरीन संयम, तकनीक और मानसिक मजबूती का परिचय दिया। उन्होंने खिताब की राह में दुनिया के कई मजबूत खिलाड़ियों को मात दी।
अमार्या ने पहले दौर में मिस्र के खिलाड़ी को 3-0 से हराया। दूसरे दौर में इंग्लैंड के आर्लो स्मिथ को भी 3-0 से शिकस्त दी। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने सिंगापुर के शीर्ष वरीय खिलाड़ी कैलेन लो को 3-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में मिस्र के बद्र हसन को 3-1 से पराजित किया।

सेमीफाइनल में उनका मुकाबला हंगरी के यूरोपीय नंबर-1 खिलाड़ी एलेक्स कोज्ट्यू से हुआ, जहां अमार्या ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में भी उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए इंग्लैंड के शीर्ष वरीय डेनियल स्टीवेन्सन को 3-1 से हराकर ट्रॉफी जीत ली।
यह सफलता ऐसे समय आई है जब कुछ ही सप्ताह पहले अमार्या ने चीन में आयोजित 2026 एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। महज 13 साल की उम्र में उनके नाम दो एशियाई जूनियर पदक और अब एक बड़ा यूरोपीय खिताब दर्ज हो चुका है।
डच जूनियर ओपन की यह जीत सिर्फ अमार्या के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय स्क्वैश के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह संकेत है कि भारत की नई पीढ़ी के खिलाड़ी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ जूनियर खिलाड़ियों को चुनौती देने और हराने की क्षमता रखते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहे अमार्या बजाज से अब भारतीय खेल प्रेमियों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
With inputs from IANS