'ऐसा लंबा तीन गेम का मैच था जो मुझे जीतना चाहिए था,' इंडोनेशिया ओपन से बाहर होने के बाद सिंधु ने कहाBy Admin Thu, 05 June 2025 10:59 AM









नई दिल्ली: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु इंडोनेशिया ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से 22-20, 10-21, 18-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज चोचुवोंग के खिलाफ सिंधु ने पहला गेम 10-16 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 22-20 से जीत लिया। लेकिन दूसरे गेम में वह लय से पूरी तरह बाहर दिखीं और 10-21 से हार गईं।

तीसरे और निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन चोचुवोंग ने अपना संयम बनाए रखा और एक घंटे 18 मिनट तक चले इस मैच में सिंधु पर बढ़त बनाए रखी।

मैच के बाद 29 वर्षीय सिंधु ने कहा कि उन्होंने कड़ी टक्कर दी, लेकिन यह मैच उन्हें जीतना चाहिए था। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने इंडोनेशियाई दर्शकों को भी उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
"कड़ी लड़ाई लड़ी। ऐसे मैच सबसे ज्यादा चुभते हैं। लंबा तीन सेटों वाला मैच था जो मुझे जीतना चाहिए था। लेकिन मेहनत अच्छी रही है और मैं पहले से बेहतर महसूस कर रही हूं।"
उन्होंने आगे लिखा,
"तेरीमा कासिह इंडोनेशिया। इस्तोरा सेनायान और इंडोनेशियाई दर्शकों का हमेशा की तरह शानदार समर्थन मिला।"

इससे पहले सिंधु ने जापान की अपनी पुरानी प्रतिद्वंद्वी नोजोमी ओकुहारा को रोमांचक मुकाबले में 22-20, 21-23, 21-15 से हराकर प्री-क्वार्टर में जगह बनाई थी। यह मुकाबला एक घंटे 19 मिनट तक चला था।

ओकुहारा के खिलाफ मुकाबले के बाद सिंधु ने अपने और नोजोमी के बीच 14 सालों की भिड़ंत को याद करते हुए X पर लिखा,
"14 साल। 20 मुकाबले। सबसे लंबे से लेकर सबसे छोटे वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल तक — हम दोनों के बीच ही। हमने जीत, हार और एक ऐसी प्रतिद्वंद्विता साझा की है जिसे सिर्फ हम समझते हैं। लड़ाई जारी रखो, नोजोमी। कोर्ट तुम्हारे बिना कभी वैसा नहीं लगता।"

महिला युगल मुकाबले में ट्रीसा जोली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी जापान की युकी फुकुशिमा और मायु मात्सुमोतो से 13-21, 22-24 से हारकर बाहर हो गई।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement