

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों के बीच सम्मान और दोस्ती की एक खूबसूरत झलक तब देखने को मिली, जब महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने पर बधाई दी। अपने 54वें जन्मदिन पर यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले गांगुली ने भी भावुक अंदाज में कहा कि सचिन जैसे महान खिलाड़ी के साथ इस सूची में शामिल होना उनके क्रिकेट करियर का सबसे बड़ा संतोष है।
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने लंबे समय के साथी और पूर्व ओपनिंग पार्टनर के लिए संदेश साझा करते हुए लिखा, "हम 14 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानते हैं, इसलिए अब बहुत कम बातें चौंकाती हैं। यह भी उनमें से एक नहीं थी। बधाई हो @SGanguly99। आपको आईसीसी हॉल ऑफ फेम में देखकर बेहद खुशी हो रही है।"
गांगुली ने भी सचिन के संदेश का जवाब देते हुए लिखा, "धन्यवाद चैंपियन... आपके साथ उसी सूची में जगह मिलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और संतोष है।"

फिलहाल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष गांगुली आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारत के 12वें और पुरुष क्रिकेटरों में 10वें भारतीय खिलाड़ी बनेंगे।
अपने दौर के बेहतरीन वनडे बल्लेबाजों में शुमार गांगुली ने 311 वनडे मैचों में 11,363 रन बनाए, जिसमें 22 शतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 132 विकेट भी लिए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 113 मैचों में 7,212 रन बनाए।
'ऑफ साइड के भगवान' के नाम से मशहूर गांगुली ने वर्ष 2000 में मैच फिक्सिंग संकट के दौर में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली और टीम में नई आक्रामक सोच विकसित की। उनकी कप्तानी में भारत ने 2002 का नेटवेस्ट ट्रॉफी जीता, 2002 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी साझा की, 2003 वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई, 2004 में पाकिस्तान में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती और 2001 के कोलकाता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की।
संन्यास के बाद गांगुली ने कोविड-19 महामारी के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में वह आईपीएल और डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक हैं, जबकि एसए20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच की भूमिका भी निभा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा 11 जुलाई को एडिनबर्ग में होने वाले वार्षिक सम्मेलन के समापन पर हॉल ऑफ फेम के नए सदस्यों की औपचारिक घोषणा किए जाने की उम्मीद है। इससे पहले इस प्रतिष्ठित सूची में बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, डायना एडुल्जी, वीरेंद्र सहवाग, नीतू डेविड और महेंद्र सिंह धोनी जैसे भारतीय दिग्गज शामिल हो चुके हैं।
With inputs from IANS