
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने 20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में आयोजित होने वाली पहली यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 के लिए भारत की सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट पहली एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर के रूप में भी आयोजित किया जाएगा।
पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सात-सात टीमें हिस्सा लेंगी। पुरुष वर्ग में मेजबान ओमान के अलावा भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश की टीमें चुनौती पेश करेंगी। वहीं महिला वर्ग में भारत का मुकाबला पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और ईरान से होगा।
दोनों टीमों का चयन राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों के आधार पर किया गया है। लड़कों का शिविर चंडीगढ़ और लड़कियों का शिविर भोपाल में आयोजित किया गया था।
महिला सब-जूनियर टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर करेंगी। टीम में गोलकीपर के रूप में खिली कुमारी और महक परिहार शामिल हैं। रक्षा पंक्ति में नीलम टोपनो और किरण एक्का को जगह मिली है, जबकि मध्य पंक्ति की जिम्मेदारी दिया, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी संभालेंगी। आक्रमण पंक्ति में नौशीन नाज, संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर शामिल हैं।
टीम की घोषणा के बाद महिला टीम की मुख्य कोच रानी ने कहा कि टीम में कौशल, गति और जुझारूपन का अच्छा संतुलन है। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान कड़ी मेहनत की है और खेल के हर पहलू में सुधार दिखाया है। उन्होंने कहा कि हॉकी5एस तेज गति वाला प्रारूप है, जिसमें त्वरित निर्णय, परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और भरपूर ऊर्जा की जरूरत होती है। यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए एशिया की मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर होगी।
पुरुष सब-जूनियर टीम की कमान केतन कुशवाहा को सौंपी गई है। टीम में गोलकीपर के रूप में सावन कुमार और आयुष रजक, रक्षा पंक्ति में करण गौतम और आशीष तानी पूर्ति, मध्य पंक्ति में राहुल यादव और रोमित पाल तथा आक्रमण पंक्ति में केतन कुशवाहा, प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह और शाहरुख अली शामिल हैं।
पुरुष टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर में अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के दम पर टीम में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि हॉकी5एस ऐसा प्रारूप है, जिसमें गति, रचनात्मकता और दबाव में संयम सबसे अहम होते हैं। टीम ने इन चुनौतियों के अनुरूप खुद को तैयार किया है और आक्रामक खेल के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ भारतीय पुरुष और महिला टीमें इस पहली एशियाई चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत करने और आयु वर्ग की हॉकी में देश की सफल परंपरा को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरेंगी।
With inputs from IANS