जापान ओपन: पीवी सिंधु सेमीफाइनल में पहुंचीं, नोजोमी ओकुहारा के हटने से मिला मौकाBy Admin Fri, 17 July 2026 12:26 PM

टोक्यो। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले से पहले उनकी जापानी प्रतिद्वंद्वी नोजोमी ओकुहारा के नाम वापस लेने के कारण सिंधु को अगले दौर का टिकट मिल गया।

इस सत्र में यह सिंधु का तीसरा सेमीफाइनल है। इससे पहले वह मलेशिया सुपर 1000 और ऑस्ट्रेलिया सुपर 500 टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंच चुकी हैं। साथ ही, वर्ष 2023 के डेनमार्क ओपन के बाद यह उनका पहला सुपर 750 सेमीफाइनल भी है।

31 वर्षीय सिंधु अब अपने इस सत्र के पहले खिताब की तलाश में हैं। सेमीफाइनल में उनका सामना टोक्यो ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन युफेई से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं, जिनमें सिंधु ने छह और युफेई ने आठ मैच जीते हैं।

हालांकि, सिंधु पिछले पांच मुकाबलों में लगातार चेन युफेई से हारती रही हैं। यदि वह इस बार जीत दर्ज करने में सफल रहती हैं, तो न केवल यह हार का सिलसिला टूटेगा, बल्कि वह लगभग तीन वर्षों बाद किसी सुपर 750 टूर्नामेंट के फाइनल में भी पहुंच जाएंगी।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु इस प्रतिष्ठित बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र बची हुई चुनौती हैं। उन्होंने प्री-क्वार्टरफाइनल में चीन की विश्व नंबर पांच खिलाड़ी हान यूए को केवल 35 मिनट में 21-16, 21-14 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया था।

चेन युफेई इस साल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इंडोनेशिया मास्टर्स का खिताब जीता है और थाईलैंड तथा मलेशिया सुपर 500 के फाइनल में भी जगह बनाई। इसके अलावा वह सिंगापुर और इंडिया सुपर 750 तथा मलेशिया ओपन और ऑल इंग्लैंड सुपर 1000 प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल तक भी पहुंच चुकी हैं।

इससे पहले मिश्रित युगल में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी प्री-क्वार्टरफाइनल में चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 20-22, 17-21 से हारकर बाहर हो गई।

महिला एकल में उन्नति हुड्डा का सफर भी समाप्त हो गया। उन्हें चीनी ताइपे की हुआंग यू-शुन ने तीन गेम के मुकाबले में हराया, हालांकि उन्नति ने दूसरा गेम अपने नाम किया था।

पुरुष युगल में भारत की चुनौती पहले ही समाप्त हो चुकी थी। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी तथा एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्मासकरुनन की जोड़ी पहले दौर में ही बाहर हो गई थी। सात्विक और चिराग को मुकाबले के दौरान एक और चोट का सामना करना पड़ा।

 

With inputs from IANS