
मस्कट (ओमान): एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। सोमवार को खेले गए मुकाबलों में भारतीय महिला टीम ने कजाकिस्तान को 8-3 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 7-3 से शिकस्त दी।
महिला टीम की जीत की सबसे बड़ी नायिका दिया रहीं, जिन्होंने हैट्रिक (14वें, 15वें और 20वें मिनट) जमाई। इसके अलावा संदीपा कुमारी ने दो (3', 12'), नौशीन नाज़ ने दो (6', 9') और नीलम टोपनो ने एक (7') गोल किया। भारतीय टीम ने पहले हाफ में ही मजबूत बढ़त बना ली और दूसरे हाफ में भी आक्रामक खेल जारी रखते हुए मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा बनाए रखा।
कजाकिस्तान की ओर से दिलनाज निग्मेत्झानोवा ने दो (17', 18') और यासमिन सेइत्झान ने एक (20') गोल किया।
वहीं, भारतीय पुरुष टीम ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 7-3 से हराया। भारत के लिए राहुल यादव (2'), करण गौतम (4'), कप्तान केतन कुशवाहा (8', 14'), रोमित पाल (10', 15') और प्रह्लाद राजभर (16') ने गोल दागे। भारतीय टीम ने पूरे मैच में बढ़त बनाए रखी और हर चुनौती का प्रभावी जवाब दिया।
बांग्लादेश के लिए नुरे (2'), सब्बीर रहमान (5') और एमडी. इस्लाम (14') ने गोल किए।
यह टूर्नामेंट पहली बार आयोजित होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालिफायर भी है।
इस साल अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमें इस नई प्रतियोगिता में भी अपनी छाप छोड़ने के इरादे से उतरी हैं।
पूर्व भारतीय स्टार सरदार सिंह की कोचिंग में खेल रही पुरुष टीम, जिसने हाल ही में अंडर-18 पुरुष एशिया कप के फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर खिताब जीता था, एलीट पूल में मेजबान ओमान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ शामिल है।
वहीं, रानी के मार्गदर्शन में खेल रही महिला टीम, जिसने अंडर-18 महिला एशिया कप में कांस्य पदक जीता था, एलीट पूल में चीन, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान के साथ मुकाबला कर रही है।
एलीट पूल में डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप अपनाया गया है, जिसमें हर टीम एक-दूसरे से दो-दो बार खेलेगी। लीग चरण के बाद शीर्ष दो टीमें सीधे स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचेंगी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम कांस्य पदक मैच खेलेगी। चौथे स्थान की टीम चैलेंजर पूल की शीर्ष टीम से क्वालिफिकेशन मुकाबला खेलेगी, जिसकी विजेता टीम कांस्य पदक मैच में जगह बनाएगी।
With inputs from IANS
