
मस्कट: भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ के पांचवें मिनट में रोमित पाल ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी, जबकि इसके एक मिनट बाद ही शाहरुख अली ने तीसरा गोल दागकर भारत को 3-0 की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने बाकी समय कोई मौका नहीं दिया और 3-1 की जीत के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों ने अगले वर्ष होने वाले पहले एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
महिला वर्ग में भारतीय सब-जूनियर टीम को फाइनल में चीन के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस तरह भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें पदक जीतकर स्वदेश लौटेंगी।
दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कारों की घोषणा भी की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को दो-दो लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, रजत पदक जीतने वाली महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
With inputs from IANS