
ग्लासगो। भारत के स्टार लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। अंतिम लैप में जबरदस्त स्प्रिंट लगाकर उन्होंने 27:49.78 मिनट के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले पहले भारतीय 10,000 मीटर धावक बन गए।
दौड़ की शुरुआत धीमी रही, लेकिन गुलवीर अधिकांश समय शीर्ष धावकों के समूह में बने रहे। आधी दूरी तक वह शीर्ष तीन में थे, हालांकि इसके बाद गति तेज होने पर वह कुछ समय के लिए नौवें स्थान तक खिसक गए। अंतिम 1,000 मीटर में उन्होंने शानदार वापसी की और आखिरी लैप शुरू होने तक तीसरे स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने दमदार फिनिश करते हुए रजत पदक अपने नाम कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने 27:48.93 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि आइल ऑफ मैन के डेविड मुलार्की ने 27:50.28 मिनट में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया। केन्या के एडविन कुरगाट 27:50.98 मिनट के साथ चौथे स्थान पर रहे।
हालांकि यह समय गुलवीर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड 27:00.22 मिनट से काफी पीछे रहा, जिसे उन्होंने 2025 में बनाया था।
28 वर्षीय गुलवीर सिंह भारत के सबसे सफल लंबी दूरी के धावकों में गिने जाते हैं। उनके नाम 3,000 मीटर, 5,000 मीटर और 10,000 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में नायब सूबेदार के पद पर तैनात गुलवीर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने सेना में भर्ती की तैयारी के दौरान गांव की सड़कों और खेतों के रास्तों पर दौड़ लगाकर अपने एथलेटिक्स करियर की शुरुआत की थी।
गुलवीर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बड़ी सफलता 2023 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर का कांस्य पदक जीतकर हासिल की। इसके बाद उन्होंने 2022 एशियाई खेलों में 10,000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
साल 2025 उनके करियर का सबसे यादगार वर्ष रहा, जब उन्होंने दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर एशिया के शीर्ष लंबी दूरी के धावकों में अपनी जगह मजबूत की।
With inputs from IANS