CWG 2026: जैस्मीन लांबोरिया ने भारत के लिए पक्का किया एक और पदक, क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की मुक्केबाज को हरायाBy Admin Thu, 30 July 2026 12:21 PM

ग्लासगो। भारत की स्टार मुक्केबाज जैस्मीन लांबोरिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला 57 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की एलिस ग्लिन को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर दिया।

24 वर्षीय जैस्मीन, जिन्होंने चार साल पहले बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में लाइटवेट वर्ग में कांस्य पदक जीता था, ने पांच में से चार जजों का समर्थन हासिल किया। चार जजों ने मुकाबला 29-28, 29-28, 30-27 और 30-27 से जैस्मीन के पक्ष में दिया, जबकि एक जज ने 29-28 से एलिस ग्लिन को विजेता माना।

हरियाणा के भिवानी की रहने वाली जैस्मीन 2025 विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप (लिवरपूल) में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने 2025 में नई दिल्ली और अस्ताना में आयोजित विश्व बॉक्सिंग कप में फेदरवेट वर्ग के दो स्वर्ण पदक तथा 2021 दुबई एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम किया था।

जैस्मीन की जीत के साथ बुधवार को भारतीय मुक्केबाजों ने क्वार्टर फाइनल में 100 प्रतिशत सफलता हासिल की। उनसे पहले नरेंद्र (90+ किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और साक्षी (51 किग्रा) भी सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्का कर चुके थे।

पुरुषों के 90+ किग्रा वर्ग में नरेंद्र ने समोआ के माइकल सेको को 3-2 के स्प्लिट फैसले से हराकर पदक सुनिश्चित किया।

80 किग्रा वर्ग में अंकुश ने शानदार रिंग कंट्रोल, सटीक पंच और प्रभावी काउंटर अटैक के दम पर अपने प्रतिद्वंद्वी को पूरी तरह दबाव में रखा। पांचों जजों ने मुकाबला 30-26, 30-27, 30-27, 30-27 और 30-27 से भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में दिया।

महिला 51 किग्रा वर्ग में साक्षी ने उत्तरी आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया। उन्होंने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और विरोधी खिलाड़ी के खिलाफ एक अंक कटने का भी फायदा मिला।

महिला 70 किग्रा वर्ग में अरुंधति चौधरी ने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 के स्प्लिट फैसले से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने तीनों राउंड में संयम और बेहतरीन रणनीति का प्रदर्शन किया।

पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में सचिन सिवाच ने शानदार खेल दिखाते हुए 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की और कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया।

इससे पहले मंगलवार को भी भारत के तीन मुक्केबाजों ने पदक सुनिश्चित किए थे। मणिपुर के मांडेंगबाम जादुमणि सिंह ने पुरुष 55 किग्रा वर्ग में मलावी के म्वाले म्वेंगो को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

महिला 60 किग्रा वर्ग में प्रिया ने स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया, जबकि महिला 54 किग्रा वर्ग में प्रीति ने उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया और भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement