





नई दिल्ली: ग्लासगो में संपन्न राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत पदक जीतने के बाद भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा अब 21 अगस्त को होने वाली प्रतिष्ठित लॉज़ेन डायमंड लीग (एथलेटिसिमा) में अपना दमखम दिखाएंगे।
इस प्रतियोगिता में नीरज का सामना दुनिया के कई दिग्गज जैवलिन थ्रो खिलाड़ियों से होगा। मैदान में वही शीर्ष खिलाड़ी उतरेंगे जिन्होंने पिछले चार ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में खिताब अपने नाम किए हैं। पाकिस्तान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, श्रीलंका के पथिरागे, ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वॉलकॉट भी इस मुकाबले का हिस्सा होंगे।
इस बार का मुकाबला खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि विश्व जैवलिन में भारतीय उपमहाद्वीप का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के स्टार खिलाड़ियों के साथ कैरेबियाई देशों के एथलीट भी शानदार फॉर्म में हैं। अलग-अलग तकनीक और शैली वाले इन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। पीटर्स के नाम दर्ज 90.61 मीटर के मीट रिकॉर्ड पर भी खतरा मंडरा रहा है।

मेजबान स्विट्जरलैंड के उभरते खिलाड़ी साइमन वीलैंड भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उनके अलावा टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के जाकुब वाडलेज्च, जर्मनी के जूलियन वेबर और दुनिया के दूसरे नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी कर्टिस थॉम्पसन भी खिताब की दौड़ में शामिल रहेंगे।
इनमें से नीरज, अरशद, पथिरागे, पीटर्स और वॉलकॉट हाल ही में राष्ट्रमंडल खेल 2026 के जैवलिन फाइनल में भी आमने-सामने थे। उस मुकाबले में श्रीलंका के पथिरागे ने तेज हवाओं के बावजूद 89.75 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था। नीरज ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ 85.83 मीटर का थ्रो कर रजत पदक अपने नाम किया, जबकि गत चैंपियन अरशद नदीम 77.41 मीटर के निराशाजनक प्रदर्शन के साथ नौवें स्थान पर रहे। एंडरसन पीटर्स 83.88 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे।
डायमंड लीग अंक तालिका की बात करें तो 2022 के चैंपियन नीरज चोपड़ा फिलहाल पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं। वहीं पथिरागे और एंडरसन पीटर्स 23-23 अंकों के साथ पहले ही फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं।
With inputs from IANS