




भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने रविवार को शानदार वापसी करते हुए चीन की हान कियान शी को हराकर अपने करियर का पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया। उन्होंने BWF कोरिया मास्टर्स के महिला एकल फाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी को 14-21, 21-14, 21-14 से मात दी। मुकाबला 53 मिनट तक चला।
अश्मिता ने पहला गेम गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की। पहले गेम में वह 9-5 की बढ़त बनाने के बावजूद उसे बरकरार नहीं रख सकीं, लेकिन अगले दोनों गेम में उन्होंने सटीक शॉट्स और बेहतर नियंत्रण के साथ खेलते हुए मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली।
विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर काबिज अश्मिता का इस साल इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जून में मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना था, जहां उन्हें दक्षिण कोरिया की पार्क गा-यून के हाथों हार मिली थी। कोरिया मास्टर्स में उन्होंने हमवतन रक्षिता श्री संतोष रामराज को हराकर पहली बार BWF वर्ल्ड टूर के फाइनल में जगह बनाई थी।
गुवाहाटी की 26 वर्षीय अश्मिता का फाइनल तक का सफर भी शानदार रहा। उन्होंने शुरुआत में क्वालीफायर रिरिना हिरामोटो और फिर किम मिन जी को सीधे गेमों में हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना आकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से कड़े मुकाबले में शिकस्त दी।
कोरिया मास्टर्स का खिताब जीतकर अश्मिता इस साल BWF सुपर 300 खिताब जीतने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले देविका सिहाग और तान्वी शर्मा ने सुपर 300 टूर्नामेंट में खिताब जीते थे।
वहीं, इस जीत के साथ वह इस साल BWF महिला एकल खिताब जीतने वाली चौथी भारतीय खिलाड़ी भी बन गई हैं। तान्वी शर्मा ने ताइपे ओपन, पीवी सिंधु ने जापान ओपन और देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स में खिताब अपने नाम किया था।
इस साल BWF खिताब जीतने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी शामिल हैं, जिन्होंने मई में सिंगापुर बैडमिंटन ओपन का पुरुष युगल खिताब जीता था।
कोरिया मास्टर्स की जीत का अश्मिता की विश्व रैंकिंग पर भी बड़ा असर पड़ेगा। वह पहली बार दुनिया की शीर्ष 40 महिला एकल खिलाड़ियों में शामिल होंगी।
मई में तीन महीने की चोट के बाद वापसी करने के बाद से अश्मिता ने BWF टूर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वापसी के बाद अपने शुरुआती दो टूर्नामेंटों में उन्होंने चीन मास्टर्स और मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
With inputs from IANS



