डायमंड लीग: नीरज चोपड़ा का सीजन बेस्ट 88.05 मीटर, लॉजेन में दूसरे स्थान पर रहेBy IANS Sat, 22 August 2026 02:08 PM

Photo: IANS

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने 2026 सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 88.05 मीटर का थ्रो किया, लेकिन एक बार फिर श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से पिछड़ गए। चोपड़ा शनिवार को लॉजेन डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहे, जबकि पथिरागे ने 88.14 मीटर के प्रयास के साथ प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

चोपड़ा ने अपने अभियान की शुरुआत 83.54 मीटर के थ्रो से की, जिससे वह पथिरागे के बाद दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.05 मीटर भाला फेंका और कुछ समय के लिए शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।

हालांकि, पथिरागे ने अपने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर का थ्रो कर चोपड़ा से बढ़त वापस छीन ली। चोपड़ा अपने अगले प्रयास में 83.72 मीटर तक ही पहुंच सके, जबकि चौथे प्रयास में उनका थ्रो फाउल हो गया।

दो ओलंपिक पदक जीत चुके चोपड़ा ने अपना पांचवां प्रयास नहीं किया। पथिरागे ने भी पांचवें प्रयास से दूरी बनाई, जिससे चोपड़ा के पास अंतिम प्रयास में बढ़त हासिल करने का एक और मौका था। हालांकि, वह इसका फायदा नहीं उठा सके और उनका अंतिम थ्रो 82 मीटर से कुछ अधिक ही रहा।

ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 86.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

2026 सीजन में यह तीसरा मौका है जब पथिरागे ने चोपड़ा से बेहतर प्रदर्शन किया है। इससे पहले भी श्रीलंकाई एथलीट ने 88.68 मीटर का थ्रो कर चोपड़ा को पीछे छोड़ा था और बाद में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि चोपड़ा को रजत से संतोष करना पड़ा था।

हालांकि लॉजेन में चोपड़ा खिताब नहीं जीत सके, लेकिन 88.05 मीटर का थ्रो उनके लिए अहम रहा। यह इस सीजन में उनका अब तक का सबसे लंबा थ्रो है और इससे आगामी प्रतियोगिताओं से पहले उनका आत्मविश्वास बढ़ने की उम्मीद है।

लॉजेन डायमंड लीग चोपड़ा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि वह सीजन के अंत में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश में हैं। पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रैंकिंग के शीर्ष छह एथलीट सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय या वैश्विक वाइल्ड कार्ड के जरिए भी अतिरिक्त स्थान मिल सकते हैं।

88 मीटर से अधिक का थ्रो कर चोपड़ा ने भले ही इस बार जीत हासिल नहीं की, लेकिन सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज कर यह संकेत जरूर दिया कि वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की ओर लौट रहे हैं।

 

ADVERTISEMENT
Advertisement