

Photo: IANS
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारत की महिला डबल्स जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को ताजा विश्व रैंकिंग में शानदार बढ़त मिली है। दोनों खिलाड़ियों ने 12 स्थान की छलांग लगाते हुए 39वें से सीधे 27वें नंबर पर जगह बना ली है।
घरेलू सरजमीं पर आयोजित विश्व चैंपियनशिप में ट्रीसा और गायत्री भारत के लिए पदक जीतने वाली एकमात्र जोड़ी रहीं। सेमीफाइनल तक पहुंचकर उन्होंने भारतीय महिला डबल्स के लिए इतिहास भी रचा। यह 2011 के बाद विश्व चैंपियनशिप में भारत की महिला डबल्स जोड़ी का पहला पदक है। 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने कांस्य पदक जीता था।
नई रैंकिंग में ट्रीसा और गायत्री के कुल 44,192 अंक हो गए हैं। इससे पहले दोनों के खाते में 33,692 अंक थे। विश्व चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन ने रैंकिंग में इस बड़ी छलांग की नींव रखी।
पदक की राह में भारतीय जोड़ी ने कई मुश्किल मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने चौथी वरीयता प्राप्त चीन की जिया यी फान और झांग शू शियान को हराकर बड़ा उलटफेर किया। भारतीय जोड़ी पहला गेम 16-21 से हार गई थी, लेकिन इसके बाद जोरदार वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 21-15, 21-13 से जीत लिए।
सेमीफाइनल में ट्रीसा और गायत्री का सामना दुनिया की नंबर एक जोड़ी और गत चैंपियन लियू शेंग शू तथा टैन निंग से हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले में एक गेम की बढ़त बनाकर खिताबी मुकाबले की उम्मीद जगा दी थी, लेकिन चीनी जोड़ी ने वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत लिए। इस हार के साथ ट्रीसा और गायत्री को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ भारत ने विश्व चैंपियनशिप में 2011 से लगातार कम से कम एक पदक जीतने का सिलसिला भी कायम रखा है। ट्रीसा और गायत्री की रैंकिंग में उछाल आने से आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में उनकी वरीयता और प्रतिस्पर्धी स्थिति भी बेहतर होने की उम्मीद है।
पुरुष एकल रैंकिंग में बड़ा फेरबदल
विश्व चैंपियनशिप के बाद पुरुष एकल की शीर्ष-10 रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी दो स्थान ऊपर चढ़कर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए हैं। वह टूर्नामेंट में अंतिम-16 तक पहुंचे थे।
वहीं, पिछले सप्ताह नंबर एक रहे चीन के शी यूकी को बड़ा नुकसान हुआ है। भारत के आयुष शेट्टी के हाथों पहले दौर में मिली हार के बाद वह पांच स्थान फिसलकर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं।
क्रिस्टो पोपोव ने तीन स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया है। कुनलावुत वितिदसार्न एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे और एंडर्स एंटोनसेन भी एक स्थान गिरकर पांचवें स्थान पर आ गए हैं। चोउ तिएन-चेन दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।
विश्व चैंपियन बने एलेक्स लानियर की रैंकिंग में भी तीन स्थान का सुधार हुआ है और वह सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत के लिए लक्ष्मण सेन एक स्थान ऊपर चढ़कर 13वें और आयुष शेट्टी दो स्थान की बढ़त के साथ 20वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
