अब खिलाड़ियों के लिए अलग से सजेगी सम्मान की शाम, JSCA शुरू करेगा ‘अवॉर्ड्स नाइट’, अक्टूबर से होगी शुरुआतBy Mid Time Bureau Tue, 01 September 2026 07:01 PM

Ranchi: झारखंड के क्रिकेटरों के लिए अब सम्मान का मंच और खास होने जा रहा है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन यानी JSCA ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए हर साल अलग से ‘अवॉर्ड्स नाइट’ आयोजित करने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत इसी साल अक्टूबर से होगी।

इस समारोह में घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और बेहतरीन योगदान देने वाले सपोर्ट स्टाफ को सम्मानित किया जाएगा। सत्र 2025-26 के लिए चुने गए खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के साथ JSCA के लोगो वाली विशेष ट्रॉफी भी दी जाएगी। समारोह में शामिल होने वाले खास मेहमानों के लिए भी विशेष मोमेंटो तैयार कराए जा रहे हैं।

अवॉर्ड्स नाइट को अक्टूबर में होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के आसपास आयोजित करने की तैयारी है। यानी मैदान पर मुकाबले के रोमांच के साथ झारखंड के क्रिकेट सितारों के लिए सम्मान की एक खास शाम भी देखने को मिलेगी।

दरअसल, 30 अगस्त को हुई JSCA की एजीएम में एक अहम बदलाव पर मुहर लगी। अब तक खिलाड़ियों को आमसभा के दौरान ही सम्मानित करने की परंपरा थी, जिसे खत्म कर दिया गया है। इसकी जगह खिलाड़ियों के लिए अलग और समर्पित मंच तैयार किया जा रहा है।

JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव के मुताबिक, यह फैसला ‘प्लेयर्स फर्स्ट’ की सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम है। कमिटी ऑफ मैनेजमेंट में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की मौजूदगी के बाद खिलाड़ियों से जुड़े फैसलों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।

अब झारखंड के क्रिकेटरों को सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन के बाद तालियों का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि उनके योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल एक खास शाम भी होगी।