महिला जूनियर एशिया कप: भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब बचाने का अभियान शुरू कियाBy IANS Sat, 05 September 2026 04:26 PM

Photo: IANS

गत चैंपियन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप चीन 2026 में अपने खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए शनिवार को दक्षिण कोरिया को 4-1 से हरा दिया।

भारत के लिए सानिका चंद्रकांत माने, पूर्णिमा यादव, पूजा साहू और मधु सिदार ने गोल किए। भारत ने पिछले दो संस्करणों में महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता है और इस जीत के साथ टीम ने लगातार तीसरी बार खिताब की ओर अपना कदम बढ़ाया।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती क्वार्टर में कई मौके बनाए। आठवें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

भारतीय टीम ने इसके बाद भी दक्षिण कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा और पहले क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। 14वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को भी भारत गोल में नहीं बदल सका। इसके बावजूद टीम ने 1-0 की बढ़त के साथ पहला क्वार्टर समाप्त किया।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने अपने आक्रमण को जारी रखा और पांच मिनट के भीतर एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। शुरुआती प्रयास के बाद भारत को दोबारा पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी।

दक्षिण कोरिया ने इसके बाद बराबरी के लिए दबाव बढ़ाया और पांच मिनट के अंतराल में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। हालांकि, भारतीय रक्षापंक्ति ने मजबूती से खेलते हुए कोरियाई हमलों को नाकाम कर दिया।

हाफ टाइम से ठीक पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार टीम ने अच्छी रणनीति के साथ उसे गोल में बदल दिया। पूर्णिमा यादव ने 30वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

तीसरे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा ने दबाव का अच्छी तरह सामना किया। भारतीय फारवर्ड भी जवाबी हमलों के जरिए लगातार खतरा पैदा करते रहे।

तीसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और पूजा साहू ने उसे गोल में बदलकर टीम की बढ़त 3-0 कर दी।

तीन गोल की बढ़त के बावजूद भारत ने अंतिम क्वार्टर में आक्रामक रुख बनाए रखा। टीम को सातवें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कोरियाई रक्षा ने इस बार खतरा टाल दिया। भारत ने गेंद पर नियंत्रण और मैदान पर दबदबा बनाए रखा।

भारत के लगातार हमलों का परिणाम 51वें मिनट में मिला, जब मधु सिदार ने गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया।

दक्षिण कोरिया ने अंतिम सीटी तक संघर्ष जारी रखा और मैच समाप्त होने से चार मिनट पहले एक गोल वापस हासिल किया। 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर तैयार की गई रणनीति के जरिए किल गाबिन ने गोल कर स्कोर 4-1 किया।

हालांकि, भारत ने अंतिम मिनटों में अपनी बढ़त कायम रखी और तीन अंक हासिल करते हुए टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम अब रविवार को अपने दूसरे मुकाबले में मलेशिया का सामना करेगी।