
Photo: IANS
2026 एशियन गेम्स में भारत ने गुरुवार को स्क्वैश में शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत शुरुआत की। महिला और पुरुष एकल के साथ मिश्रित युगल स्पर्धा में भारत के छह खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।
दिन का सबसे बड़ा आकर्षण महिला एकल में देखने को मिला, जहां अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना ने अंतिम आठ में जगह बनाकर ऑल-इंडियन क्वार्टर फाइनल तय किया। अब दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबले का विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेगा।
तीसरी वरीयता प्राप्त और विश्व कप विजेता अनाहत सिंह ने सिंगापुर की Au Yeong Wai Iynn को महज 19 मिनट में 3-0 से हराया। उन्होंने मुकाबला 11-4, 11-5, 11-7 से अपने नाम किया। अनाहत ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और अपनी प्रतिद्वंद्वी को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
दूसरी ओर, तन्वी खन्ना को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। सिंगापुर की Au Yeong Wai Yhann के खिलाफ उन्होंने पहला गेम 5-11 से गंवा दिया, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गेम 11-4, 11-5, 13-11 से जीत लिए और 3-1 से मुकाबला अपने नाम किया।
पुरुष एकल में भी भारत के दो खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अभय सिंह ने श्रीलंका के रवींदु लक्सिरी के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेलते हुए 25 मिनट में 3-0 से जीत दर्ज की। उन्होंने 11-5, 11-6, 11-0 से मुकाबला अपने नाम किया। क्वार्टर फाइनल में अब उनका सामना जापान के रयूनोसुके त्सुकुए से होगा।
वीर चोटरानी को हालांकि क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मलेशिया के संजय जीवा के खिलाफ एक घंटे नौ मिनट चले मैराथन मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआती चार गेम बांट लिए। निर्णायक गेम में वीर ने धैर्य बनाए रखते हुए 11-9, 8-11, 11-6, 15-17, 11-6 से 3-2 की जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना पाकिस्तान के इरफान मुहम्मद से होगा।
मिश्रित युगल में भी भारत को सफलता मिली। अनुभवी जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने अपने ही देश के सूरज चंद और शमीना रियाज को 2-0 से हराया। भारतीय जोड़ी ने 11-7, 11-10 से मुकाबला जीता।
जोशना और वेलावन ने पहला गेम अपेक्षाकृत आसानी से अपने नाम किया, लेकिन दूसरे गेम में उन्हें कड़ी चुनौती मिली। सूरज और शमीना ने 7-9 से पिछड़ने के बाद स्कोर 9-9 से बराबर कर दिया। हालांकि अनुभवी भारतीय जोड़ी ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए गेम 11-10 से जीत लिया।
एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली जोशना और वेलावन की जोड़ी अब शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो से भिड़ेगी।
इस तरह भारत के सभी चार एकल खिलाड़ी और मिश्रित युगल की जोड़ी अंतिम आठ में पहुंच चुकी है। इससे अची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय स्क्वैश अभियान की मजबूत शुरुआत हुई है।
स्क्वैश के लिए यह एशियन गेम्स इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि यह खेल 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में पहली बार ओलंपिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रहा है।