
नागोया: भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हरियाणा की शूटर नीरू ढांडा ने महिलाओं की इंडिविजुअल ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में इस स्पर्धा में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है।
नीरू की इस जीत के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 5 हो गई है। जापान में खेले जा रहे मुकाबले में उन्होंने दबाव और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में नीरू ने छह सीरीज में कुल 28 निशाने लगाए और सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। बारिश के कारण परिस्थितियां मुश्किल थीं, लेकिन नीरू ने अपनी एकाग्रता बनाए रखी और पूरे मुकाबले में सटीक निशाने लगाकर बढ़त कायम रखी।
नीरू ढांडा के लिए यह सफलता अचानक नहीं आई है। वह पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। साल 2025 में भी उन्होंने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में महिला ट्रैप स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
25 मई 2000 को जन्मीं नीरू ढांडा हरियाणा के जींद की रहने वाली हैं। वह दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में ट्रेनिंग करती हैं। अब एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड जीतकर उन्होंने भारतीय शूटिंग के इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करा लिया है।