ISSF World Cup: उदयवीर सिंह सिद्धू ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता स्वर्ण पदकBy IANS Sun, 11 October 2026 07:01 PM

Photo: IANS

भारत के निशानेबाज उदयवीर सिंह सिद्धू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व कप राइफल/पिस्टल प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने रोमांचक फाइनल में जर्मनी के अनुभवी निशानेबाज क्रिश्चियन रिट्ज को महज 0.5 अंक से पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

24 वर्षीय उदयवीर ने पदक मुकाबले में 240.6 अंक हासिल किए, जबकि कई ओलंपिक खेलों में हिस्सा ले चुके रिट्ज 240.1 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इटली के पाओलो मोन्ना ने 219.8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

फाइनल के अंतिम क्षणों में उदयवीर ने दबाव के बीच शानदार संयम दिखाया। आखिरी दो शॉट से पहले वह रिट्ज से 0.3 अंक पीछे थे। इसके बाद भारतीय निशानेबाज ने 10.2 और 9.8 अंक के शॉट लगाए, जबकि रिट्ज अपने दोनों शॉट में 9.6-9.6 अंक ही हासिल कर सके। अंतिम शॉट के साथ उदयवीर ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

इससे पहले उदयवीर ने क्वालिफिकेशन राउंड में 585 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल कर आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने छह सीरीज में क्रमशः 99, 98, 98, 97, 97 और 96 अंक अर्जित किए।

भारत के जोनाथन गेविन एंटनी ने रैंकिंग पॉइंट्स ओनली (आरपीओ) श्रेणी में हिस्सा लेते हुए 586 अंक हासिल किए। उनका स्कोर इटली के मोन्ना के बराबर रहा, जिन्होंने क्वालिफिकेशन में संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया।

अन्य भारतीय निशानेबाजों में अजेंद्र सिंह चौहान 580 अंकों के साथ 14वें स्थान पर रहे। ओलंपिक पदक विजेता सरबजोत सिंह ने 574 अंक हासिल कर 31वां स्थान प्राप्त किया, जबकि आरपीओ वर्ग में कुमार योगेश ने 573 अंक बनाए।

फाइनल में तुर्किये के पेरिस ओलंपिक 2024 के पदक विजेता यूसुफ डिकेच भी शामिल थे। वह 138.0 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे। ग्रीस के जॉर्जियोस गैंपियराकिस ने 198.7 अंकों के साथ चौथा और लातविया के एमिल्स वासरमानिस ने 177.6 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

आईएसएसएफ विश्व कप का आयोजन 8 से 16 अक्टूबर 2026 तक काहिरा में किया जा रहा है। भारत ने प्रतियोगिता के लिए 24 सदस्यीय टीम भेजी है। टीम ने देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद काहिरा के लिए रवाना हुई थी।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान निशानेबाजों ने मुकाबलों जैसी परिस्थितियों में अभ्यास करने और अपनी तकनीकी तैयारियों को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। भारतीय टीम आठ व्यक्तिगत ओलंपिक स्पर्धाओं और दो मिश्रित टीम स्पर्धाओं में हिस्सा ले रही है।