
Photo: IANS
मोंटेनेग्रो के बुडवा में चल रही विश्व अंडर-19 बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मेघा श्योराण ने शुक्रवार को महिलाओं के 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए दूसरा पदक सुनिश्चित कर दिया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में तुर्किये की मेलिसा एरोग्लू को 5-0 से हराया।
इससे पहले एशियाई अंडर-19 चैंपियन प्राची टोकस ने महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग में भारत का पहला पदक पक्का किया था। उन्होंने कनाडा की एली चार्टियर के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। प्राची ने दोनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखा। चार्टियर को पहले राउंड में एक और दूसरे राउंड में दो बार काउंट का सामना करना पड़ा, जिसके बाद भारतीय मुक्केबाज को रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट (आरएससी) के आधार पर विजेता घोषित किया गया।
प्राची ने इससे पहले महिलाओं के 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने समोआ की केले पेरेज को तीनों राउंड में पछाड़कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पेरेज ने इस साल थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में 80 किलोग्राम वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था। अब प्राची का सामना सेमीफाइनल में रूस की समीरा इटोनिएवा से होगा।
भारत की हरशिका और लक्षु भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर पदक से एक कदम दूर पहुंच गई हैं। हरशिका ने महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग में ऑस्ट्रेलिया की टियाना रेव को 4-0 से हराया, जबकि लक्षु ने 70 किलोग्राम वर्ग में तुर्किये की बुसे नूर याहान को करीबी मुकाबले में 3-2 से मात दी। दोनों मुक्केबाजों को पदक सुनिश्चित करने के लिए अपने अगले मुकाबले जीतने होंगे।
पुरुष वर्ग में अमन देव ने 50 किलोग्राम श्रेणी में सर्बिया के पावले पोपोविच को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अमन ने तीनों राउंड में बेहतर प्रदर्शन किया। अब अंतिम आठ के मुकाबले में उनका सामना जॉर्जिया के शाल्वा बेरिद्जे से होगा।
वहीं, पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में मौसम सुहाग ने इटली के ग्यूसेपे कैवलो को 5-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें अब तुर्किये के मेहमत एनेस सानली की चुनौती से पार पाना होगा।
हालांकि, शुक्रवार को भारत को कुछ निराशाएं भी मिलीं। महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में हिमांशी को आयरलैंड की एलेन जॉयस के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में अंशिका की चुनौती भी समाप्त हो गई। वह चीन की शेंगजी गोंग के खिलाफ आरएससी के आधार पर मुकाबला हार गईं। पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में ध्रुव को पोलैंड के अलेक्जेंडर सिकोर के हाथों 0-3 से शिकस्त मिली।
टूर्नामेंट में भारतीय मुक्केबाजों के प्रदर्शन से पदकों की उम्मीदें बढ़ी हैं। मेघा और प्राची के पदक पहले ही सुनिश्चित हो चुके हैं, जबकि हरशिका, लक्षु और अमन देव जैसे खिलाड़ियों के पास अगले मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत की पदक तालिका को और मजबूत करने का मौका है।