
Photo: IANS
इंडियन रेसिंग फेस्टिवल (IRF) के तहत ग्रेटर नोएडा स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) में 13 साल बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्किट रेसिंग की वापसी होने जा रही है। यहां 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को F4 इंडियन चैंपियनशिप और इंडियन रेसिंग लीग (IRL) के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
दोनों चैंपियनशिप के 2026 सीजन के मुकाबले 5.125 किलोमीटर लंबे इस सर्किट पर होंगे। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट इससे पहले फॉर्मूला वन इंडियन ग्रां प्री और MotoGP भारत की मेजबानी कर चुका है।
इस आयोजन से दिल्ली-एनसीआर के मोटरस्पोर्ट्स प्रेमियों को देश के प्रमुख रेसिंग ट्रैक पर दो चैंपियनशिप के रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलेगा। जहां F4 इंडियन चैंपियनशिप में खिताबी दौड़ तेज हो रही है, वहीं इंडियन रेसिंग लीग के लिए भी यह राउंड सीजन में अपनी स्थिति मजबूत करने का अहम अवसर होगा।
F4 इंडियन चैंपियनशिप का चौथा राउंड चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में हुए मुकाबलों के बाद आयोजित होगा। पिछले राउंड में गोवा एसेस जेए रेसिंग के लुविवे संबुला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली दो रेस जीती थीं। तीसरी रेस में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस प्रदर्शन के दम पर संबुला 138 अंकों के साथ चैंपियनशिप की तालिका में शीर्ष पर पहुंच गए। उन्हें दूसरे स्थान पर मौजूद किच्चा किंग्स बेंगलुरु के ड्राइवर एरिस काइरियाकू पर 21 अंकों की बढ़त हासिल है।
स्पीड डेमन्स दिल्ली के न्तियिसो माबुंडा ने भी चेन्नई में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और तीनों रेस में दूसरा स्थान हासिल किया। पहली रेस में उनका प्रदर्शन खास रहा, जब उन्होंने ग्रिड पर 10वें स्थान से शुरुआत करने के बावजूद दूसरे स्थान पर रेस पूरी की।
वहीं, कोलकाता रॉयल टाइगर्स के आरोन मेहता ने तीसरी रेस जीतकर सबका ध्यान खींचा। पोल पोजिशन से शुरुआत करने वाले 15 वर्षीय मेहता ने माबुंडा को महज 0.546 सेकंड से पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। इस उपलब्धि के साथ वह 15 साल, छह महीने और छह दिन की उम्र में भारतीय F4 इतिहास के सबसे कम उम्र के रेस विजेता बने।
बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर होने वाला अगला राउंड संबुला के लिए अपनी बढ़त मजबूत करने का मौका होगा। वहीं, माबुंडा अपनी निरंतरता और मेहता अपनी पिछली जीत से मिले आत्मविश्वास के दम पर खिताबी दौड़ में आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।
इंडियन रेसिंग लीग भी बुद्ध सर्किट पर 2026 सीजन का अपना दूसरा राउंड खेलेगी। टीमें और ड्राइवर इस चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति सुधारने के इरादे से उतरेंगे।